महराजगंज में निर्माणाधीन मकान में फंदे से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
महराजगंज के लक्ष्मीपुर में मुंबई से लौटे एक युवक ओंकार चौहान का शव उसके निर्माणाधीन मकान में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर ...और पढ़ें

मृतक ओंकार चौहान। फाइल फोटो
HighLights
मुंबई से लौटे युवक का शव फंदे से मिला।
निर्माणाधीन मकान में हुई घटना से सनसनी।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
संवाद सूत्र, लक्ष्मीपुर (महराजगंज)। रोजगार के सिलसिले में मुंबई जाने की तैयारी की योजना बना रहे एक युवक का शव शुक्रवार की सुबह उसके ही निर्माणाधीन मकान में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन की चीख-पुकार मच गई और गांव में सनसनी फैल गई।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फाेरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के ललाइन पैसिया गांव निवासी ओमप्रकाश चौहान का पुत्र ओंकार चौहान मुंबई में रहकर प्राइवेट कार्य करता था। वह करीब पांच दिन पहले घर आया था और एक-दो दिन बाद फिर मुंबई जाने की तैयारी में था।
गांव से लगभग 300 मीटर दूर सड़क किनारे उनका एक और मकान निर्माणाधीन है। ओंकार रोज रात में घर पर भोजन करने के बाद वहीं जाकर सोता था। गुरुवार रात भी वह भोजन करने के बाद निर्माणाधीन मकान में सोने चला गया।
शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे जब वह घर नहीं लौटा तो उसकी मां सरोज देवी उसे बुलाने पहुंचीं। उन्होंने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब वह मकान के पीछे की ओर गईं तो ओंकार का शव फंदे से लटका देख चीख पड़ीं।
खबरें और भी
मां की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। ओंकार चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। परिवार में बड़े भाई रामप्रताप चौहान की शादी आगामी नवंबर में तय है, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। छोटे भाई तेज प्रताप और पवन प्रताप घर पर रहकर पढ़ाई कर रहे हैं।
अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं। थाना प्रभारी गौरव राय कन्नौजिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।