विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नारायणी-गंडक में बढ़ा पानी, बैराज से 1.77 लाख क्यूसेक डिस्चार्ज

Published: Thu, 03 Sep 2026 03:25 PM (IST)

नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा के कारण नारायणी-गंडक नदी में जलस्तर बढ़ा, वाल्मीकि नगर बैराज से पानी के डिस्चार्ज ...और पढ़ें

नारायणी-गंडक नदी का जलप्रवाह। जागरण

नारायणी-गंडक नदी का जलप्रवाह। जागरण

HighLights

  1. नारायणी-गंडक में 1.77 लाख क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज हुआ।

  2. नेपाल में वर्षा से नदी के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई।

  3. प्रशासन नदी किनारे के क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रहा है।

जागरण संवाददाता, निचलौल। नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही वर्षा का असर नारायणी-गंडक नदी के जलप्रवाह पर बुधवार को भी देखने को मिला। वाल्मीकि नगर बैराज से नदी में छोड़े जा रहे पानी के डिस्चार्ज में दिन भर लगातार उतार-चढ़ाव बना रहा। सुबह से लेकर देर शाम तक पानी के बहाव में वृद्धि दर्ज की गई। इससे नदी किनारे बसे क्षेत्रों में प्रशासन की निगरानी बढ़ी रही।

बुधवार की सुबह 10 बजे बाल्मीकि नगर बैराज से नारायणी-गंडक नदी में 1.52 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसके बाद 11 बजे डिस्चार्ज बढ़कर 1.61 लाख क्यूसेक पहुंच गया। दोपहर 12 बजे पानी का बहाव 1.63 लाख क्यूसेक दर्ज किया गया। दिन बढ़ने के साथ नदी के डिस्चार्ज में फिर बढ़ोतरी शुरू हुई।

शाम छह बजे बैराज से 1.77 लाख क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा गया। वहीं देर शाम सात बजे भी पानी का बहाव 1.75 लाख क्यूसेक से अधिक बना रहा। नदी के पानी में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए रहे। नदी किनारे के क्षेत्रों में जलस्तर और संभावित प्रभाव की जानकारी जुटाई जाती रही। ग्रामीणों को भी नदी के आसपास जाने से सतर्क रहने की सलाह दी गई।

यह भी पढ़ें- नेपाल में जलप्रलय ने बदला भूगोल, लड़खड़ाई अर्थव्यवस्था; तबाही के बीच भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ

उपजिलाधिकारी अवनीश त्रिपाठी ने बताया कि नारायणी-गंडक नदी का जलस्तर फिलहाल सामान्य है। अभी किसी प्रकार की चिंता की बात नहीं है। प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी हैं।

यह भी पढ़ें- नारायणी-गंडक में बाढ़ के बाद 'जहरीली' हुईं मछलियां, भूलकर भी खाया तो अस्पताल पहुंचना तय