नेपाल में आपदा के बाद उबरने की चिंता, दोगुने दाम पर मिल रहीं खाद्य सामग्रियां
नेपाल के रसुवा में बाढ़ के बाद बिजली, पानी और मोबाइल नेटवर्क ठप होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। खाद्य सामग्रियों ...और पढ़ें

रसुवा के त्रिशूली बाजार के समीप क्षतिग्रस्त हाइड्रोप्रोजेक्ट को देखते नेपाल प्रशासन के अधिकारी। साै. इंटरनेट मीडिया
HighLights
19 हाइड्रो प्रोजेक्ट बंद, बिजली संकट गहराया।
खाद्य सामग्रियों के दाम दोगुने, आपूर्ति बाधित।
मोबाइल नेटवर्क ठप, पानी की किल्लत बढ़ी।
विश्वदीपक त्रिपाठी, महराजगंज। नेपाल के रसुवा में बाढ़ का पानी तो उतर गया है, लेकिन मूलभूत सुविधाओं की किल्लत से बड़ी आबादी जूझ रही है। इसका असर राजधानी काठमांडू सहित भारत से सटे जिलों में भी देखने को मिल रहा है। सैकड़ों परिवार पिछले बुधवार से राहत शिविरों में रहने को बाध्य हैं।
बिजली गुल होने से पूरा सीमावर्ती इलाका अंधेरे में है। 19 हाइड्रो प्रोजेक्ट बंद होने से रसुवा और नुवाकोट सहित अधिकांश हिस्सों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। पानी की पाइपलाइन बाढ़ में बह गई है, जिससे लोग त्रिशूली का मटमैला पानी उबालकर पीने को मजबूर हैं। खाद्य संकट भी बढ़ता जा रहा है। सोनौली सीमा से खाद्य सामग्रियां लादकर जाने वाले मालवाहक काठमांडू तक मुश्किल से पहुंच पा रहे हैं।
शुक्रवार की रात किसी तरह एक लेन सड़क चालू हुई है। अभी भी काठमांडू जाने के लिए खाद्य सामग्रियों से लदे लगभग 150 से अधिक मालवाहक नारायणघाट से मुग्लिंन के बीच फंसे हैं। काठमांडू-रसुवा हाईवे भी बुधवार से बंद है, जिससे खाद्य सामग्रियों, रसोई गैस सिलेंडर और दवाओं की आपूर्ति बाधित हो गई है।
स्थानीय बाजार में खाद्य सामग्रियों के दाम दोगुने हो गए हैं। स्वास्थ्य केंद्रों में दवा की कमी है। मोबाइल नेटवर्क ठप होने से लोग एक-दूसरे से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। जिससे खाने का संकट बढ़ा है।

रुसुवा गलियारा बंद होने से चीन से आने वाले 100 से अधिक कंटेनर फंसे हुए हैं। स्थानीय बाजार में आटे और तेल के दाम दोगुने हो गए हैं। पोखरा के होटल व्यवसायी दुर्गा पांडेय, भैरहवा के प्राशंत गुप्ता, बेलहिया के श्रीचंद गुप्ता और भैरहवा के पवन गोयल ने बताया कि रसुवा जिले में हुए हादसे के बाद खाद्य सामग्रियों के दाम अचानक बढ़ गए हैं। रसोई गैस की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।

सब्जियों पर इसका प्रभाव दिख रहा है। भोटेकोशी चैंबर आफ कामर्स ने कपड़े और इलेक्ट्रानिक्स के दाम 30 प्रतिशत तक वृद्धि की आशंका जताई है। रसुवा के जिला अधिकारी नरेंद्र परियार ने कहा है कि जगह-जगह रास्ता क्षतिग्रस्त हाेने से हेलीकाप्टर से राशन व आवश्यक वस्तुएं पहुंचाने की कोशिश हो रही है, लेकिन वर्षा के कारण बचाव में दिक्कत आ रही है।
यह भी पढ़ें- नेपाल में त्रिशूली नदी का कहर, काठमांडू-सोनौली हाईवे धंसा, यातायात ठप
सब्जियों के बढ़े दाम
शनिवार को काठमांडू काली माटी सब्जी मंडी, चितवन की भरतपुर मंडी, पोखरा कृषि थोक बाजार और बुटवल में सब्जियों के दाम चढ़ गए थे। यहां टमाटर 75 रुपये किलो, आलू 50.50 रुपये किलो, प्याज 95 रुपये किलो, गाजर 110 रुपये, फूल गोभी 100 रुपये, लौकी 70 रुपये, राई साग 80 रुपये और पालक 250 रुपये के आस-पास बिकी है।
