विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल में हिंदू राष्ट्र आंदोलन को मिला Gen Z का साथ, खोई पहचान वापस दिलाने की मांग

Published: Thu, 20 Aug 2026 03:40 PM (IST)

नेपाल को फिर से हिंदू राष्ट्र बनाने के आंदोलन को जेन जी का समर्थन मिला है, जिसमें अब तक 18.54 ...और पढ़ें

नेपाल में हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर हस्ताक्षर करते युवा। -सौ. शाही युवा शक्ति संगठन

नेपाल में हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर हस्ताक्षर करते युवा। -सौ. शाही युवा शक्ति संगठन

HighLights

  1. 18.54 लाख से अधिक लोगों ने हिंदू राष्ट्र का समर्थन किया।

  2. नेपाल में Gen Z युवा सनातन पहचान वापस दिलाने में जुटे।

  3. पूर्व पीएम देउबा के बयान से आंदोलन को मिली नई गति।

विश्वदीपक त्रिपाठी, महराजगंज। नेपाल को पुन: हिंदू राष्ट्र घोषित करने के लिए चलाए जा रहे आंदोलन को जेन जी का साथ मिला है। कभी सनातन पहचान छिपाने वाले युवा अब ''गर्वले भन्नुहोस, हामी हिंदु हौ'' (गर्व से कहो हम हिंदू हैं)का जयघोष कर रहे हैं। शाही युवा शक्ति नेपाल द्वारा हिंदू राष्ट्र व राजशाही के समर्थन में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में अब तक 18.54 लाख लोगों ने आफलाइन व आनलाइन हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दिया है।

संगठन ने देश की 80 प्रतिशत आबादी तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है। हिंदू सम्राट सेना, महाकाली युवा शक्ति व हिंदू युवा संघ के माध्यम से युवा हिंदू राष्ट्र के आंदोलन को धार दे रहे हैं। युवाओं के इस आंदोलन में कूद जाने से बालेन शाह सरकार बैकफुट पर आती दिख रही है। यहां तक कि नेपाल के तराई में हुए सांप्रदायिक तनाव के बाद से आज तक प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे पर कोई बयान नहीं दिया है। उनकी चुप्पी पर विपक्षी दल सवाल खड़ा कर रहे हैं।

जुलाई में सुनसरी जिले में कावड़ियों व एक मदरसे से जुड़े लोगों के बीच हुए विवाद ने ऐसा सांप्रदायिक रूप लिया कि चंद दिनों में इसकी गूंज नेपाल के पहाड़ से लेकर भारतीय सीमा से सटे 27 जिलों में सुनाई देने लगी। सभी जिलों से नेपाल को पुन: हिंदू राष्ट्र घोषित करने की मांग उठी।

जेन जी की सहभागिता से चंद दिनों में हिंदू राष्ट्र की मांग ने जोर पकड़ लिया। यहां तक कि कुछ राजनीतिक दल भी अपनी नीतियों में परिवर्तन कर समर्थन में उतर आए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा के काठमांडू में आयोजित नेपाली कांग्रेस के सम्मेलन में म हिंदु हो (मैं हिंदू हूं) का जयघोष करने के बाद इस आंदोलन ने और जोर पकड़ लिया है।

युवा इस नारे को हाथों हाथ लेकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं। बहुताें ने ''म हिंदु हो'' व सनातन धर्म ध्वजा के साथ अपनी प्रोफाइल फोटो भी अपडेट की है। युवा शक्ति संगठन के धर्मराज विश्वकर्मा ने कहा कि सनातन धर्म हमारी पहचान है। हम इसे वापस लेकर रहेंगे। आंदोलन को धार देने के लिए सभी संगठनों ने संयुक्त हिंदू मोर्चा का भी गठन किया है।

यह भी पढ़ें- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकेगा महराजगंज, सोहगीबरवा के सिंगरहना ताल को मिलेगा रामसर साइट का दर्जा


नेपाली कांग्रेस के केंद्रीय महाधिवेशन में होगा निर्णय
पार्टी लाइन से अलग जा कर मैं हिंदू हूं से जुड़ा बयान देने वाले नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा को लेकर नेपाली कांग्रेस दो गुटों में बट गई है। दो से पांच अक्टूबर तक राजधानी काठमांडू में पार्टी का केन्द्रीय महाधिवेशन आयोजित किया गया है। जिसमें पदाधिकारियों के निर्वाचन व पूर्व प्रधानमंत्री के पार्टी में भूमिका को लेकर भी चर्चा होगी। हिंदू राष्ट्र को लेकर भी नेपाली कांग्रेस अपना अधिकारिक बयान जारी कर सकती है।

हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में तेजी से लोग जुड़ रहे हैं। अब तक 17.86 लाख लोगों ने आफलाइन व 68 हजार ने आनलाइन हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दिया है। जब तक सनातन धर्म को राष्ट्रीय पहचान देकर नेपाल को हिंदू राष्ट्र घोषित नहीं किया जाता, युवाओं का आंदोलन चलता रहेगा।

-

-पशुपति खड्का, अध्यक्ष, शाही युवा शक्ति, नेपाल