विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल के जलप्रलय में फंसे थे 'राजकुमार', सुरक्षित वापसी पर सोनौली में जश्‍न का माहौल

Published: Sat, 29 Aug 2026 08:33 AM (IST)

नेपाल में आई बाढ़ और बिगड़े हालात के बीच काठमांडू से घर लौट रहे राजकुमार गौतम आखिरकार शुक्रवार शाम को ...और पढ़ें

परिवार के साथ राजकुमार। जागरण

परिवार के साथ राजकुमार। जागरण

HighLights

  1. राजकुमार गौतम नेपाल बाढ़ के बीच सकुशल घर लौटे।

  2. काठमांडू से सोनौली पहुंचने पर परिवार ने ली राहत।

  3. मोबाइल बंद होने से चिंतित परिवार में लौटी खुशी।

अरविंद त्रिपाठी, सोनौली। नेपाल में आई बाढ़ और बिगड़े हालात के बीच काठमांडू से घर लौट रहे सोनौली कोतवाली क्षेत्र के जगरनाथपुर निवासी राजकुमार गौतम आखिरकार शुक्रवार की शाम को सकुशल घर पहुंच गए। उनके घर पहुंचते ही कई घंटों से चिंता में डूबे परिवार के चेहरे पर खुशी लौट आई। राजकुमार के सुरक्षित लौटने पर स्वजन ने राहत की सांस ली और परिवार में खुशी का माहौल बन गया।

करीब एक वर्ष से काठमांडू में फर्नीचर का काम कर रहे राजकुमार इससे पहले बुटवल में भी फर्नीचर का काम करते थे। नेपाल में बाढ़ की स्थिति बिगड़ने और कई मार्गों पर आवागमन प्रभावित होने के बाद उन्होंने घर लौटने का निर्णय लिया था। वह बिहार के रास्ते बस से भारत के लिए रवाना हुए थे।

गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे उनकी बेटी अंकिता से फोन पर आखिरी बार बात हुई थी। उस समय उन्होंने अपने ठीक होने और बिहार के रास्ते घर लौटने की जानकारी दी थी। इसके बाद राजकुमार का मोबाइल फोन बंद हो गया था। मोबाइल बंद होने से परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही थी।

स्वजन बार-बार फोन मिलाकर उनकी स्थिति जानने का प्रयास कर रहे थे। परिवार को इस बात की भी चिंता थी कि नेपाल में बाढ़ के कारण कई जगह मार्ग बाधित हैं और यात्रियों को रास्ते में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शुक्रवार को राजकुमार के सकुशल घर पहुंचने की खबर मिलते ही परिवार की चिंता खुशी में बदल गई। मां विंदा देवी और बेटियों ने उन्हें देखते ही राहत की सांस ली। घर में लंबे समय से उनके लौटने का इंतजार कर रहे स्वजन ने खुशी जताई।

राजकुमार के पहुंचने के बाद परिवार में बाढ़ के कारण बनी चिंता का माहौल समाप्त हुआ। राजकुमार गौतम परिवार के अकेले कमाने वाले सदस्य हैं। उनकी पत्नी विंदा देवी गृहिणी हैं। बड़ी बेटी खुशबू नोएडा में नर्सिंग का कोर्स कर रही है। बेटा प्रिंस गोरखपुर में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहा है।

तीसरी बेटी अंकिता नौतनवा स्थित कन्या गर्ल्स इंटर कालेज में कक्षा 11 और चौथी बेटी सुष्मिता इसी विद्यालय में कक्षा 10 की छात्रा है। चारों बच्चों की पढ़ाई और परिवार की जरूरतों की जिम्मेदारी राजकुमार की कमाई पर ही निर्भर है।

यह भी पढ़ें- पर्यटन पर दिखा नेपाल आपदा का असर, पोखरा और काठमांडू जाने वाले भारतीयों की संख्या हुई लगभग 'जीरो'

नेपाल में बाढ़ और जल प्रलय के कारण मार्गों पर आवाजाही प्रभावित होने से भारत लौट रहे लोगों के स्वजन की चिंता बढ़ रही है। ऐसे में राजकुमार के सुरक्षित घर पहुंचने से परिवार ने राहत की सांस ली है। वहीं उनकी वापसी की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने भी परिवार को शुभकामनाएं दीं।