तिब्बत की झील टूटने से नारायणी नदी उफान पर, महराजगंज के सीमावर्ती गांवों में बजा सायरन; देखें PHOTOS
तिब्बत में बैरियर लेक के फिर से टूटने से नेपाल सहित महराजगंज और कुशीनगर में बाढ़ का खतरा बढ़ गया ...और पढ़ें

आठ राजस्व गांवों में ग्रामीणों को किया गया सतर्क। जागरण
HighLights
तिब्बत में बैरियर लेक टूटने से बाढ़ का खतरा।
महराजगंज, कुशीनगर में प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता।
नारायणी नदी का जलस्तर बढ़ने से चिंता बढ़ी।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। तिब्बत में बनी बैरियर लेक (बांधनुमा झील) के पुन्: टूटने से नेपाल सहित महराजगंज व कुशीनगर में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। नेपाल की त्रिशूली नदी में अचानक बढ़े जलस्तर से मची तबाही के बाद अब एक बार फिर नदी के जलस्तर में वृद्धि की आशंका जताई जा रही है। त्रिशूली नदी का पानी बढ़ने की स्थिति में नारायणी नदी का जलस्तर भी बढ़ सकता है।
इसे देखते हुए सोहगीबरवा क्षेत्र में बाढ़ की आशंका को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। हालांकि शुक्रवार को नारायणी नदी का जलस्तर सामान्य रहा, एहतियात के तौर पर नदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। प्रशासन की ओर से नदी किनारे बसे ग्रामीणों को सायरन बजाकर सतर्क किया गया है। महराजगंज की तीन ग्राम पंचायतों के आठ राजस्व गांवों व कुशीनगर के गांवों में ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पीएसी और एसडीआरएफ की टीमें सोहगीबरवा, शिकारपुर और भोथहां क्षेत्र में डेरा जमाए हुए हैं। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि सोहगीबरवा, शिकारपुर और भोथहां के आठ राजस्व गांवों में ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में ग्रामीणों को तत्काल ऊंचे स्थानों पर बनाए गए बाढ़ शरणालयों में पहुंचाया जाएगा।

सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण तथा प्रबंधन प्राधिकरण समेत सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। भारतीय प्रशासन को भी इसकी सूचना दी गई है।

रोहुआ नाला पर नाव व मोटरबोट तैयार:
बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर आवागमन और राहत कार्य में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए रोहुआ नाला पर नाव और मोटरबोट की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से पल-पल जलस्तर की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन नेपाल में नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए सभी विभागों को पूरी तरह तैयार रखा गया है।

एसडीएम ने बताया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाएगा। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया जाएगा।

नारायणी नदी का धीरे-धीरे बढ़ रहा जलस्तर
नारायणी नदी का जलस्तर एक बार फिर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। गुरुवार को नदी का पानी काफी कम होने के बाद बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली थी, शुक्रवार को जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी होने से एक बार फिर चिंता बढ़ने लगी है। नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है। शुक्रवार को दोपहर एक बजे नारायणी नदी में करीब 99,800 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया।

इसके बाद दोपहर दो बजे जलस्तर बढ़कर 1,20,100 क्यूसेक पहुंच गया। महज एक घंटे में क्यूसेक पानी बढ़ने से प्रशासन और बाढ़ क्षेत्र के ग्रामीणों की नजर नदी के जलस्तर पर टिकी हुई है। नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण नारायणी नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
-1787974091172.webp)
गुरुवार को पानी कम होने से ग्रामीणों ने राहत महसूस की थी, लेकिन शुक्रवार को फिर से बढ़ोतरी शुरू होने से उनकी चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।

नारायणी नदी के किनारे पूरे दिन मुस्तैद रही एनडीआरएफ व बचाव राहत टीम
नारायणी नदी के पथलहवां स्थित ठोकर संख्या दो और तीन के पास चार शव बरामद होने के बाद शुक्रवार को एसएसबी, एनडीआरएफ और पुलिस-प्रशासन की बचाव एवं राहत टीम पूरे दिन नदी किनारे मुस्तैद रही। टीमों ने नदी में संभावित शवों की तलाश के लिए लगातार निगरानी की, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण कोई अन्य शव दिखाई नहीं दिया। नेपाल में आई बाढ़ के बाद नारायणी नदी में पानी का तेज बहाव बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- नेपाल के जलप्रलय में फंसे थे 'राजकुमार', सुरक्षित वापसी पर सोनौली में जश्न का माहौल
ऐसे में प्रशासन और सुरक्षा बल किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए लगातार निगरानी कर रहे हैं। नदी किनारे तैनात टीमों ने आसपास के क्षेत्रों में भी नजर बनाए रखी। पुलिस क्षेत्राधिकारी रविंद्र सिंह ने बताया कि एनडीआरएफ, एसएसबी तथा पुलिस-प्रशासन की टीम नदी किनारे तैनात है। नदी के तेज बहाव को देखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है।
