Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चरखारी विधायक का रिपोर्ट कार्ड: लंबित परियोजनाएं-जनहित के मुद्दे, प्रस्ताव तो भेजे पर नहीं मिल सकी स्वीकृति

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 10:45 PM (IST)

    महोबा के चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के कई प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित हैं, जिनमें स्पोर्ट्स कॉलेज और जैतपुर-पनवाड़ी को नगर पंचायत का दर्जा शामिल है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    जागरण संवाददाता, महोबा। जिले की विधानसभा चरखारी के भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने कई बार सदन में मुद्दे उठाए और प्रस्ताव भी भेजे, लेकिन बहुप्रतीक्षित स्पोर्ट्स कॉलेज का प्रस्ताव स्वीकृत होने और बजट रिलीज होने के बाद शासन स्तर पर लटका हुआ है।

    खुद विधायक स्वीकार करते हैं कि जल जीवन मिशन को लेकर आवाज उठाना शायद इस प्रस्ताव को प्रभावित कर गया। लेकिन उनका प्रयास आगे जारी रहेगा। इसके साथ ही जैतपुर व पनवाड़ी को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने और चरखारी में बस स्टैंड की मांग को लेकर भी प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए प्रस्ताव भी शासन को भेजे गए हैं।

    एक नजर में विस क्षेत्र-

    • विधानसभा - चरखारी 231
    • कुल मतदाता - 332680
    • पुरुष मतदाता - 181347
    • महिला मतदाता - 151323
    • थर्ड जेंडर - 10
    • विधायक - बृजभूषण राजपूत भाजपा

    चरखारी विधानसभा में जल जीवन मिशन के तहत अब भी कई घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है और सड़कें खस्ताहाल हैं। चरखारी में बस स्टैंड न बनने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। अब तक जैतपुर-पनवाड़ी को नगर पंचायत का दर्जा नहीं मिल सका, वहीं स्पोर्ट्स कॉलेज तो स्वीकृत हुआ पर निर्माण शुरू नहीं हो सका।

    एक माह तक चलने वाले गोवर्धन नाथ जू मेले को राजकीय मेला का दर्जा नहीं मिल सका। भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत बताते हैं कि जैतपुर व पनवाड़ी ब्लाक को नगर पंचायत का दर्जा दिलाए जाने को लेकर लोगों के आग्रह पर मुख्यमंत्री को पत्र सौंपा गया था। अब सरकार का काम है कि यदि दोनों ब्लाक मानक के अनुसार हैं तो पंचायत का दर्जा दिया जाना चाहिए।

    खबरें और भी

    राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम पास भी हो गया था और उसका फंड भी रिलीज हो गया था, लेकिन किन्ही कारणवश यह मामला अभी शासन में लटका हुआ है। आगे इसे लेकर प्रयास किया जाएगा।

    जल जीवन मिशन को लेकर आवाज उठाने के चलते शायद यह प्रस्ताव प्रभावित हुआ है। गोवर्धन नाथ जू मेला को राजकीय मेला का दर्जा दिलाए जाने के लिए पत्राचार किया गया है। इसे लेकर भी मैं प्रयासरत हूं।

    चरखारी बस स्टैंड का जो मामला है उसके लिए भूमि की वजह से उसमें स्वीकृति नहीं मिल पा रही। दो एकड़ भूमि चाहिए होती है, अभी भूमि कम है। एक जमीन सदर विधायक राकेश गोस्वामी जी के बगल में देखी गई है, कुछ कम पड़ रही है। इसके लिए यदि विधायक जी सहयोग करें तो बस स्टैंड के लिए पैसा मिल जाए।

    बाकी क्षेत्र में दो एकड़ जमीन नहीं मिल रही है। जल जीवन मिशन को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। एक बार और शासन स्तर पर बात करके देखेंगे। हर घर नल से जल पहुंचे और सड़कें बेहतर हों इसके लिए जितना बड़ा कदम उठा सकता था, उठा चुका हूं। मुख्यमंत्री जी को भी सब पता है।

    सदन में उठाए गए सवाल

    विधायक बृजभूषण राजपूत बताते हैं कि उनकी सदन में शत प्रतिशत उपस्थिति रही और चार साल के कार्यकाल में उन्होंने विभिन्न मुद्दों को लेकर सदन में 100 से अधिक सवाल उठाए।

    brijbhooshan

    जनता ने मुझे विधायक चुना है और लोगों की समस्याओं के निस्तारण के साथ ही क्षेत्र का विकास कराना मेरी प्राथमिकता है। इसके लिए मैं प्रयास कर रहा हूं और आगे भी करता रहूंगा। स्पोर्ट्स स्टेडियम बनने के साथ ही चरखारी में बस स्टैंड की स्थापना हो, यहां के ऐतिहासिक गोवर्धन नाथ जू मेला को राजकीय मेला का दर्जा मिल सके, इसके लिए भी लगातार प्रयास किया जा रहा है। जैतपुर व पनवाड़ी को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की भी शासन से मांग की गई है। जल्द ही सभी समस्याओं का निस्तारण और जो भी काम रुके हैं, उन्हें पूरा करा लिया जाएगा।

    -बृजभूषण राजपूत, विधायक भाजपा।

     

    भाजपा की सरकार में कोई काम नहीं हुआ है और न ही जनता की कोई मांग पूरी हुई है। पनवाड़ी व जैतपुर को नगर पंचायत का दर्जा नहीं मिल सका और बाकी समस्याएं भी जस की तस हैं। किसान इस सरकार में परेशान है और खाद बीज भी नहीं मिल पाता। भाजपा नाकामी छिपाने में बहुत माहिर है। जो भी समस्या या अन्य मामले आते हैं तो लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा नया मुद्दा ले आती है, अब वन नेशन वन इलेक्शन की राग अलापना शुरू कर दिया। इस सरकार में कोई काम नहीं हुआ।

    - रामजीवन यादव उर्फ दद्दा, सपा।

     

    45 हजार की आबादी एवं 16,800 मतदाताओं वाले कस्बा जैतपुर में अभी एक भी बस स्टैंड का निर्माण नहीं हो सका। जिससे यात्रियों को आवागमन में असुविधा होती है। इस ओर सरकार और जनप्रतिनिधियों को ध्यान दिया जाना चाहिए।

    - देवेंद्र अरजरिया।

     

    बेलाताल–जैतपुर क्षेत्र में आज तक न तो थाना स्थापित किया गया है और न ही एक रिपोर्टिंग पुलिस चौकी की व्यवस्था हो सकी। पीड़ितों को सबसे पहले कुलपहाड़ जाकर रिपोर्ट दर्ज करानी पड़ती है, जिससे न्याय मिलने में अनावश्यक विलंब और लोगों को परेशानी होती है। समस्या का समाधान होना चाहिए।

    -हरीसिंह राजपूत।

     

    चरखारी में पिछले सालों की तुलना में काफी काम हुए। लेकिन बस स्टैंड अभी तक नहीं बन सका। जबकि रोजाना सैकड़ों लोग यहां से महोबा समेत अन्य जगहों पर जाते हैं। बस स्टैंड बनना चाहिए।

    - रमजान सौदागर।

     

    ग्राम अठकौहा में स्पोर्ट्स स्टेडियम स्वीकृत होने के बाद भी आगे कुछ काम नहीं हो सका। यदि स्टेडियम यहां बन जाता है तो प्रतिभाओं को हुनर दिखाने का मौका मिलेगा। इस ओर प्रयास करना चाहिए।

    -अरविंद राजपूत।