लगातार बारिश से क्षतिग्रस्त हुई पुलिया, 12 ग्रामों के लोग हो रहे परेशान
लगातार बारिश के कारण गौरहारी-पनवाड़ी मार्ग पर भडार नाले की पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे करीब 12 गांवों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।

लगातार बारिश से क्षतिग्रस्त हुई पुलिया।
HighLights
गौरहारी-पनवाड़ी मार्ग पर भडार नाले की पुलिया क्षतिग्रस्त।
करीब 12 गांवों के लोगों को आवागमन में दिक्कत।
जिम्मेदार विभाग की अनदेखी, ग्रामीणों ने मरम्मत मांगी।
संवाद सूत्र, गौरहारी। बारिश से ग्रामीण अंचलों की पुलिया क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इनसे होने वाले हादसों से भी इनकार नहीं किया जा सकता। लेकिन जिम्मेदार सूचना के बाद भी बेखबर बने हुए हैं। तहसील चरखारी के ग्राम गौरहरी से पनवाड़ी मार्ग पर भडार नाले की करीब 40 मीटर की पुलिया अतिवृष्टि से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
हादसों को दावत देती पुलिया को लेकर जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। लोग जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं।
स्थानीय योगेंद्र मिश्रा, अनिल व सुरेश ने बताया कि लोक निर्माण विभाग को पुलिया क्षतिग्रस्त होने की सूचना दी, लेकिन विभाग ने खानापूर्ति कर लोगों को भगवान भरोसे छोड़ दिया। चार पहिया वाहनों का इस पुलिया से गुजरना जोखिम भरा है।
पुलिया टूटने से गुढ़ा, गौरहरी, बपरेता, धनावन, करहरा खुर्द, भटेवरा सहित करीब 12 ग्रामों के लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। उन्होंने शीघ्र इसे बनवाने की मांग की है। अधिशाषी अभियंता लोनिवि. का कहना है मौके पर सर्वे कराकर जल्द पुलिस निर्माण कराया जाएगा।
