Mahoba MLA Report Card: स्वास्थ्य सेवाओं में हुआ सुधार, पर दूर न हो सकी स्टाफ की कमी
महोबा विधायक राकेश गोस्वामी ने अपने कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, गोरखगिरि विकास और औद्योगिक गलियारों के प्रयासों को बताया। हालांकि, पेयजल ...और पढ़ें

HighLights
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, पर स्टाफ की कमी बरकरार।
गोरखगिरि का विकास, कबरई पेयजल योजना पर काम जारी।
उद्योगों की स्थापना, बालिका डिग्री कॉलेज की मांग।
जागरण संवाददाता, महोबा। विधानसभा महोबा के भाजपा विधायक राकेश गोस्वामी ने कई मुद्दे सदन में उठाए और कई प्रस्ताव भी शासन को भेजे, जिन्हें मंजूरी भी मिली। गोरखगिरि में 12 करोड़ की लागत से कार्य हुए और 21 जून को मुख्यमंत्री योगी ने भी यहां आकर सिद्धबाबा के दर्शन किए। कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ, पर अभी भी चिकित्सकों व स्टाफ की कमी दूर नहीं हो सकी।
कुछ क्षेत्रों में पेयजल की भी समस्या है। कबरई पुनगर्ठन पेयजल योजना का काम अब तक पूरा नहीं हो सका। जिसके चलते कबरई की करीब 20 हजार की आबादी जल संकट से जूझ रही है। जिले में उद्योगों की स्थापना न होने से लोगों का बाहर जाना मजबूरी होता है।
बालिका डिग्री कालेज की मांग, महाविद्यालयों में प्रवक्ताओं की तैनाती की भी समस्या है। सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त डाक्टर नहीं है, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होना चाहिए। पान किसानों और श्रीनगर पीतल उद्योग से जुड़े शिल्पकारों को बढ़ावा नहीं मिल रहा है।
बिंदुवार जानें क्या कहते हैं विधायक राकेश गोस्वामी
- कबरई पुनर्गठन पेयजल योजना को लेकर संबंधित विभाग व कार्यदायी संस्था को शीघ्र कार्य पूर्ण कराए जाने को कहा गया है। इसमें बजट की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। लगातार कार्य चल रहा है। मेरे व एमडी जलनिगम के स्तर से इसकी लगातार समीक्षा की जा रही है।
- वर्तमान में हर घर में नल से जल पहुंच रहा है व अन्य स्रोतों से भी पेयजल की व्यवस्था की जा रही है।
- बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के आसपास औद्योगिक गलियारों की स्थापना कराई जाएगी। जिससे क्षेत्र के लोगों को यही पर रोजगार मिल सके। इसके लिए प्रयास किया जा रहा है।
- कबरई पहरा रोड पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया गया है। अति शीघ्र भूमि का आवंटन किया जाएगा एवं उद्योग विकसित किए जाएंगे।
- बालिका डिग्री कालेज की मांग शासन से की गई है।
- राजकीय महिला विद्यालय के लिए भूमि भी एसआर पेट्रोल पंप के पीछे आरक्षित करा ली गई है। राजकीय वीरभूमि महाविद्यालय में पूर्व में प्रवक्ताओं को संबद्ध करा कर एमए की कक्षाएं भी संचालित की गई थी, अब प्रवक्ताओं व अन्य स्टाफ के 30 पद सृजित करा लिए गए है। जल्द ही इनमें नियुक्ति भी जो जाएगी।
- पहले की तुलना में सरकारी अस्पतालों में अब डाक्टरों और स्टाफ की तैनाती हुई है। जहां कहीं भी अभी कमी है, उसे दूर किया जाएगा।
- वर्तमान में 200 बेड के ट्रामा सेंटर का निर्माण चल रहा है।
- मुख्यमंत्री से महोबा में ही एम्स की स्थापना की मांग की गई है।
- पान खेती को सरकार ने 2023 में इसे जीआई टैग दिया है।
- शासन स्तर पर बरेजों को लगाने के लिए अनुदान देने की व्यवस्था है। इसे और बेहतर करने और यहां का पान अपनी खोई पहचान पा सके इसके लिए और प्रयास किया जाएगा।
- श्रीनगर पीतल उद्योग को बढ़ावा मिले, इसे लेकर भी शासन स्तर पर पत्राचार करके इससे जुड़े शिल्पकारों को बेहतर प्रोत्साहन, प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की जाएगी।
विपक्षी प्रत्याशी बोले-
जिले की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल पड़ी हुई हैं। जिले के सरकारी अस्पतालों में डाक्टरों की तैनाती होनी थी, जो नहीं हो सकी। विशेषज्ञ चिकित्सकों के न होने से लोगों को यहां से रेफर कर दिया जाता है। चिकित्सकों की तैनाती नहीं कराई जा सकी। इसके साथ ही विद्यालयों व महाविद्यालयों में शिक्षकों की समस्या है, इसकी कमी भी पूरी नहीं की जा सकी। जिले में स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। भाजपा व विधायक ने अपने चार साल में रोजगार सृजन की दिशा में भी कोई काम नहीं कराए। रोजगार की तलाश में यहां के लोगों को बाहर जाना पड़ता है।
- मनोज तिवारी, सपा।चुनाव के समय जनता से जो वादे किए थे उन्हें पूरा किया गया है। जहां कहीं भी अभी समस्या आ रही है उसे दूर कराया जा रहा है। वीरभूमि महाविद्यालय में 30 पदों को सृजित किया गया है, जल्द ही वहां पर नियुक्तियां कराई जाएंगी। पहले की तुलना में सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा हुआ है। जहां कही भी कमी आ रही हैं उसे दूर किया जा रहा है। चार साल के कार्यकाल में स्वास्थ्य, पर्यटन, शिक्षा के साथ ही अन्य क्षेत्रों में तमाम काम कराए गए, जिनका लोगों को लाभ मिला। ट्रामा सेंटर भी शहर में बन रहा है। अभी जो काम रह गए हैं, उन्हें शीघ्र पूरा कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्रीय समस्याओं के निराकरण और यहां के विकास के लिए मैं दृढ़ संकल्पित हूं।
- सदर विधायक राकेश गोस्वामी।पहले की तुलना में शहर में काफी काम हुए। पर्यटन की दिशा में गोरखगिरि का विकास हुआ। यहां पर्यटकों के आने की संख्या बढ़ी है। लेकिन अभी भी तमाम ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व की ऐसी धरोहरें है, जो अभी भी बदहाल पड़ी है। इस ओर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
- नमन सोनी।स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम तो हुए, पर सालों से चली आ रही चिकित्सकों व स्टाफ की समस्या को दूर नहीं किया जा सका। जिससे यहां के लोगों को झांसी, कानपुर, ग्वालियर आदि जगहों पर इलाज के लिए जाना पड़ता है।
- पवन गुप्ता।शहर में एक भी बालिका डिग्री कालेज नहीं है। इससे बालिकाओं को परेशानी उठानी पड़ती है। सुना था कि इसके लिए जमीन भी देखी जा रही है, लेकिन अभी निर्माण शुरू नहीं हो सका। प्राथमिकता के आधार पर इसकी स्थापना कराई जानी चाहिए।
- अवधेश गुप्ता।शहर के मुख्य बाजार में अभी तक पार्किंग नहीं बनवाई जा सकी है। यहां पर पार्किंग बननी चाहिए। जिससे लोग इधर उधर वाहन न खड़े करें और लाेगों को जाम की समस्या से न जूझना पड़े। इसके साथ ही बदहाल पड़े नेहरू पार्क का विकास होना चाहिए।
- शेख अफजल।
230-महोबा विधानसभा
- कुल मतदाता - 295577
- पुरुष मतदाता - 162416
- महिला मतदाता - 133155
- थर्ड जेंडर - 06