महोबा में पुलिस का हाफ एनकाउंटर; 50 हजार की चोरी के 3 आरोपी दबोचे, एक के पैर में लगी गोली
महोबा में पुलिस ने ई-रिक्शा से 50 हजार रुपये चोरी करने वाले तीन अंतरजनपदीय अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोल ...और पढ़ें

HighLights
महोबा में पुलिस ने तीन चोरों को मुठभेड़ में पकड़ा।
ई-रिक्शा से व्यापारी के 50 हजार रुपये चोरी हुए थे।
एक आरोपी के पैर में गोली लगी, चौथा साथी फरार।
जागरण संवाददाता, महोबा। ई-रिक्शा सवार व्यापारी की जेब काटकर 50 हजार की नकदी चोरी करने के तीन आरोपितों को पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ा। एक के बाएं पैर में गोली लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इनका एक साथी भागने में सफल रहा।
आरोपितों पर पूर्व से हत्या के प्रयास, चोरी, गैंग्सटर एक्ट के कानपुर देहात, जालौन, लखनऊ व झांसी आदि जगहों पर कई मुकदमे दर्ज हैं। उनके कब्जे से नकदी, कागजात समेत तमंचा व कारतूस बरामद किए गए हैं। एसपी शशांक सिंह ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मप्र के जनपद छतरपुर के कस्बा सरवई निवासी महेश्वरीदीन गुप्ता ने बताया कि 20 जून को वह महोबा स्थित नवीन गल्ला मंडी आया था। उसने संतोष गुप्ता से एक लाख रुपये लिए और दोपहर 12 बजे ई-रिक्शा में बैठकर छतरपुर जाने के लिए प्राइवेट बस स्टैंड के लिए रवाना हुआ। रिक्शा काशीराम पाल चला रहा था। इसमें कुछ लोग और बैठे थे।
इन लोगों ने जिला अस्पताल के सामने उसकी जेब काटकर 50 हजार रुपये चोरी कर लिए और भाग निकले। शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। एसपी ने इसके राजफाश के लिए शहर कोतवाली, एसओजी एवं सर्विलांस की संयुक्त टीमों का गठन किया। शुक्रवार की रात्रि करीब 2:10 बजे टीमों द्वारा शहर कोतवाली क्षेत्र के करियापठवा के पास चेकिंग की जा रही थी।
खबरें और भी
तभी चार संदिग्ध युवक दिखे। पुलिस को देखकर एक युवक भाग निकला। जबकि तीन आरोपितों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की और आरोपितों विपिन गेहार पुत्र स्व. अशोक व कमल गेहार पुत्र बब्बू गेहार निवासीगण पटेल नगर जालौन, पिंकिल पुत्र स्व. रघुवीर गेहार व करन कंजर पुत्र स्व. मूलचन्द्र निवासी पिलखनी थाना भोगनीपुर को पकड़ा।
जबकि करन कंजर पुत्र स्व. मूलचन्द्र निवासी पिलखनी थाना भोगनीपुर कानपुर देहात फरार हो गया। मुठभेड़ में विपिन गेहार के बाएं पैर में गोली लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपितों के कब्जे से 9,500 की नकदी, व्यापारी का आधार कार्ड व उसकी छायाप्रति, दो बैंक पासबुक, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए गए।
आरोपित विपिन गेहार पर पूर्व से 17, पिंकिल गेहार पर 11 व कमल गेहार के विरुद्ध चार मुकदमे झांसी, जालौन, कानपुर देहात, लखनऊ, मेरठ आदि जगहों पर दर्ज हैं। एसपी शशांक सिंह ने बताया कि तीनों अंतरजनपदीय अपराधी है। उन्होंने घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।