Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बांदा में साइबर ठगों को खाते देने वाले गिरोह का भंडाफोड़, नौ गिरफ्तार

    Updated: Sun, 12 Jul 2026 10:01 PM (GMT+05:30)

    बांदा में साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह के नौ सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि महोबा में भी दो आरोपी पकड़े गए हैं। ये गिरोह गरीबों को ...और पढ़ें

    साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह के गिरफ्तार सदस्य। पुलिस

    साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह के गिरफ्तार सदस्य। पुलिस 

    HighLights

    1. बांदा में साइबर ठगों को खाते देने वाले नौ गिरफ्तार।

    2. गरीबों के नाम पर फर्जी खाते खुलवाकर करते थे ठगी।

    3. मोबाइल हैक कर 35 से अधिक लोगों को बनाया शिकार।

    जागरण संवाददाता, बांदा। ठगी की रकम मंगाने के लिए साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह के नौ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित गरीबों को रुपये का लालच देकर फर्जी फर्म व कंपनियों के नाम से खाते खुलवाकर व उनके नाम से सिम जारी करा लेते थे। उनसे जुडे आठ साइबर ठग दिल्ली व लखनऊ के रहने वाले हैं, जो साफ्टवेयर की मदद से लोगों के मोबाइल हैक कर व लालच देकर ठगी का शिकार बनाते थे। ये लोग अभी तक 35 लोगों को ठग चुके हैं।

    जो खाते जांच में सामने आए हैं, उनमें लखनऊ निवासी साइबर ठग जैद सहित दिल्ली में बैठे अन्य सात साथी साइबर ठगी के रुपये ट्रांसफर कराते हैं। पकड़े गए आरोपितों के पास से 52.47 हजार रुपये, 10 मोबाइल फोन, छह एटीएम कार्ड, लैपटाप, पैन कार्ड व बोलेरो बरामद की गई है। मुकदमा दर्ज कर सभी को जेल भेजा गया है।

    बांदा साइबर क्राइम थाना पुलिस को नरैनी के जवाहरनगर निवासी प्रेम प्रकाश के उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा नरैनी के खाते में ठगी के करीब एक करोड़ रुपये आने की सूचना मिली। पुलिस ने शनिवार देर रात प्रेम प्रकाश को मवई बाईपास से पकड़ लिया। उसने स्वीकार किया कि वह साइबर ठगी के रुपये मंगाने में इस खाते का इस्तेमाल करता था। वह और लोगों के खाते खुलवा चुका था, इसके बदले वह कमीशन देता था।

    इसके बाद सूरज, समीर, अभिषेक, जीतू, योगेश, कृष्णा, सुशील कुमार व मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। एसपी पलाश बंसल ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके सहयोगियों, फर्जी बैंक खातों, सिम कार्ड उपलब्ध कराने वालों व साइबर ठगी से अर्जित धनराशि के लेन-देन के संबंध में जांच हो रही है।

    खबरें और भी

    दोस्त का खाता खुलवाया और मंगाए ठगी के 22 लाख रुपये, दो गिरफ्तार

    महोबा : दोस्त ने युवक को विश्वास में लेकर उसके आधार व पैन लेकर एक्सिस बैंक में खाता खुलवा दिया। उसने मिलना-जुलना बंद कर दिया तो युवक को संदेह हुआ। खाता चेक किया तो 22 लाख रुपये जमा देख हतप्रभ रह गया। पुलिस ने चार नामजद और अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। रविवार को दो आरोपितों को पकड़कर उनके पास से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, क्यूआर कोड व चेक बुक बरामद की। पुलिस के मुताबिक, आरोपित वाट्सएप पर एपीके फाइल भेजते थे, जिस पर क्लिक करते ही मोबाइल फोन हैक हो जाता है। इसके बाद आरोपित उनके खाते से आनलाइन रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर कर देते थे। आरोपित अब तक 53 लाख से अधिक की रकम ठग चुके हैं। साइबर थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि आरोपित सोनू सिंह व महेंद्र उर्फ बाबू यदुवंशी को गिरफ्तार किया है।