Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 20, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    दूल्हा-दुल्हन ने स्टेज पर जयमाला पहनाई और साथ-साथ दावत खाई, फेरों पर बिगड़ी ऐसी बात; लौट गई बरात

    Updated: Sun, 20 Apr 2025 07:57 AM (IST)

    Bride Refuses Marriage कासगंज से आई बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा। फेरों से पहले दूल्हे और दुल्हन के भाई के बीच नेग को लेकर विवाद हो गया ...और पढ़ें

    Mainpuri News: प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
    Mainpuri News: प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    HighLights

    1. जयमाला के बाद एक शादी विवाद के चलते रद्द हो गई
    2. पंचायत में भी नहीं बनी बात, दोनों में हुआ समझौता

    संसू, जागरण. बिछवां/मैनपुरी। Mainpuri News: फेरों से पहले दूल्हा-दुल्हन की गांठ बांधने का नेग सात जन्मों के बंधन में बाधा बन गया। भाई के नेग की मांग पूरी करने में दूल्हा ने असमर्थता जताई तो दुल्हन नाराज हो गई और फेरे लेने से इनकार कर दिया। सुबह से शाम तक चली पंचायत के बाद भी जब बात नहीं बनी तो बरात बिना दुल्हन के ही लौट गई।

    बिछवां थाना क्षेत्र के हेमपुरा में शुक्रवार शाम एक युवती की शादी होनी थी। कासगंज के सोरों स्थित एक मोहल्ला से बरात गांव पहुंची तो घरातियों ने बरातियों का जमकर स्वागत किया। बैंडबाजों के साथ बरात चढ़कर दुल्हन के दरवाजे पर पहुंची। जहां स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन ने एक दूसरे को जयमाला पहनाई और साथ-साथ दावत का भी आनंद लिया।

    फेरों से पहले बिगड़ी बात

    ये सभी कार्यक्रम हंसी-खुशी से होने के बाद फेरों की रस्म के लिए दूल्हा-दुल्हन रात दो बजे मंडप के नीचे पहुंचे। जहां पुरोहित ने दुल्हन के भाई को फेरों की रस्म कराने के लिए गांठ बांधने को कहा। गांठ बांधने से पहले दुल्हन के भाई ने दूल्हे से नेग मांगा। नेग की मांग बड़ी होने पर दूल्हे ने मांग पूरी करने में असमर्थता जताई और कम करने को कहा। ये सुनते ही दूल्हे और दुल्हन के भाई के बीच कहासुनी होने लगी। इसी बीच विवाद बढ़ने पर दुल्हन नाराज हो गई और फेरे लेने से इनकार कर दिया।

    चलती रही पंचायत, नहीं बनी बात

    काफी मान मनौव्वल के बाद भी दुल्हन नहीं मानी। शनिवार सुबह मामला सुलझाने के लिए दोनों पक्षों की पंचायत हुई जो शाम तक चली, लेकिन कोई हल नहीं निकला। इसी दौरान थाना पुलिस भी गांव पहुंच गई। जहां आपसी सहमति से समझौता हो गया। इसके बाद दूल्हा और पूरी बरात बिना दुल्हन के ही वापस कासगंज लौट गई।

    खबरें और भी

    ये भी पढ़ेंः 8 साल में 53 लाख रुपये खर्च फिर भी नहीं खुला रूम... इस कॉलेज में कमरा नंबर 16 की निगरानी में लगे हैं दो सिपाही

    इस संबंध में बिछवां थानाध्यक्ष आशीष दुबे ने बताया कि नेग को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष में विवाद होने की जानकारी मिली है। दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया है। पुलिस को किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।

    ये भी पढ़ेंः बर्थडे स्पार्कल स्टिक में धमाके से घर में लग गई आग, लपटों ने फैलाई दहशत; परिवार के तीन सदस्य झुलसे