अब हर सफर में मिलेगा हाई-स्पीड इंटरनेट, नहीं टूटेगी कॉल; BSNL की 'सर्वत्र वाई-फाई' सेवा
बीएसएनएल ने 'सर्वत्र वाई-फाई' सेवा शुरू की है, जिससे एफटीटीएच उपभोक्ता देश में कहीं भी अपने निजी ब्रॉडबैंड के वाई-फाई सिग्नल का उपयोग कर सकेंगे। यात्र ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
एफटीटीएच उपभोक्ता देश में कहीं भी वाई-फाई उपयोग कर सकेंगे
यात्रा में खराब नेटवर्क की समस्या से मिलेगी मुक्ति
कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं, डेटा मौजूदा प्लान से कटेगा
बीरभान सिंह, मैनपुरी। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने फोर-जी सेवा को सुचारु करने के बाद अब उपभोक्ताओं को नई सुविधा से भी जोड़ लिया है। 'सर्वत्र वाई-फाई' की तकनीक से उपभोक्ता बीएसएनएल के अपने निजी ब्राडबैंड के वाई-फाई सिग्नल को देश के किसी भी कोने से लॉग इन कर पाएंगे। इससे ब्राडबैंड कनेक्शनधारकों को सफर में खराब नेटवर्क की समस्या का सामना नहीं करना होगा। खास बात यह है कि इस सेवा के लिए उन्हे कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। संचालित टैरिफ प्लान से ही इंटरनेट सेवा उपयोग का शुल्क कट जाएगा।
बीएसएनएल ने सर्वत्र वाई-फाई सेवा से मैनपुरी को जोड़ा
बीएसएनएल के उपभोक्ता घर में हाई स्पीड क्षमता की इंटरनेट सुविधा का लाभ लेते हैं, लेकिन जब दूसरे जिले अथवा राज्य में जाते हैं तो खराब नेटवर्क से जूझना पड़ता है। ऐसे में उन्हें इंटरनेट का उपयोग करने के लिए दूसरी कंपनी की सिम के टैरिफ प्लान का उपयोग करना पड़ता है। बीएसएनएल ने अपने फाइबर टू द होम (एफटीटीएच) उपभोक्ताओं को अब सुविधा दी है।
उपभोक्ता ले सकेंगे एफटीटीएच की सुविधा
- 'सर्वत्र वाई-फाई' सेवा के माध्यम से एफटीटीएच उपभोक्ता घर के बाहर भी अपने वाई फाई के नेटवर्क का उपयोग कर पाएंगे। उन्हें मोबाइल फोन में वाईफाई के विकल्प पर नेटवर्क सर्च करने होंगे।
- विकल्प में जो भी बीएसएनएल का एफटीटीएच दिखेगा, उसे ही लॉग इन करना होगा।
- कनेक्शन तो दूसरे का होगा, लेकिन उसमें विकल्प चुनने के बाद अपने घर पर लगे एफटीटीएच की लॉग इन आईडी और पासवर्ड डालकर पंजीकृत करेंगे।
- सत्यापन होते ही उपभोक्ता को वाईफाई की हाई स्पीड मिलने लगेगी जिससे वे इंटरनेट से संबंधित अपने सभी काम कर पाएंगे।
- खास बात यह है कि उपभोक्ता सिर्फ दूसरे एफटीटीएच के सिग्नल लेंगे।
- नेटवर्क उपयोग में खर्च होने वाला डाटा उनके अपने घर में लगे एफटीटीएच के निर्धारित प्लान से ही कटेगा।
बीएसएनएल का कंट्रोल रूम नियंत्रित करेगा सेवा
हर जिले में सर्वत्र वाईफाई की सेवा को नियंत्रित करने का जिम्मा बीएसएनएल के स्थानीय कंट्रोल रूम की तकनीकी टीम संभालेगी। एक्सेस के लिए अनुमति का मैसज प्राप्त होते ही यह टीम लॉग इन सेवा को सक्रिय कर देगी। लाग इन आईडी और पासवर्ड का सत्यापन होते ही वाईफाई के सिग्नल उपभोक्ता को मिलने लगेंगे।
उपमंडल अधिकारी दिलीप चौहान का कहना है कि इस सेवा में कनेक्टिविटी की समस्या नहीं आएगी। यदि उपभोक्ता को अपने घर में 100 से 120 मेगा बाइट पर सेकंड (एमबीपीएस) की स्पीड मिलती है तो घर के बाहर भी वही स्पीड मिलेगी। सेवा का लाभ तभी मिलेगा जब घर के बाहर भी बीएसएनएल के ही एफटीटीएच को सर्च किया जाएगा।
खबरें और भी
एक नजर में जिले की स्थिति
2.80 लाख उपभोक्ता सक्रिय हैं।
133 टावर जिले में स्थापित हैं।
340 बीटीएस लगे हैं, जिनमें टूजी और थ्री जी दोनों शामिल हैं।
99 साइट पर फोर जी की सेवा सक्रिय है।
सर्वत्र वाईफाई की सुविधा जिले में आरंभ कर दी गई है। यह देश की पहली ऐसी सेवा है जिसमें हम दूसरे उपभोक्ता के एफटीटीएच के नेटवर्क से सिग्नल देंगे। उपभोक्ता सिर्फ सिग्नल का ही उपयोग करेंगे। शुल्क उनके अपने घर में लगे एफटीटीएच के रीचार्ज पैक का ही कटेगा। यह पूरी तरह सुरक्षित और सुविधाजनक सेवा है।
वाइके सिंह, सहायक जिला दूरसंचार प्रबंधक, मैनपुरी।