मैनपुरी में रात्रि गश्त पर निकली पुलिस जीप में क्रेन ने मारी टक्कर, दो सिपाही सहित तीन घायल
मैनपुरी के बेवर में रात में गश्त कर रही पुलिस जीप को इटावा रोड पर एक अनियंत्रित क्रेन ने टक्कर मार दी, जिससे जीप खड्डे में जा गिरी। इस हादसे में दो सि ...और पढ़ें

दुर्घटना के बाद खड्डे में पलटी पुलिस वैन।
HighLights
दो सिपाही और पिकअप चालक हादसे में घायल हुए।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, खतरे से बाहर।
संवाद सूत्र, बेवर (मैनपुरी)। गश्त के दौरान शुक्रवार रात इटावा रोड पर पीछे से आई अनियंत्रित क्रेन ने पुलिस जीप में टक्कर मार दी। हादसे में दो सिपाही और पिकअप चालक घायल हो गया। घायलों को सीएचसी ले जाया गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया। हादसे के बाद सीओ भोगांव और बेवर इंस्पेक्टर अस्पताल पहुंचकर घायलों से हादसे की जानकारी ली।
बेवर थाने में तैनात सिपाही विकास नकुल भाटी, रितिक और होमगार्ड सत्यवीर पुलिस जीप से शुक्रवार रात क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। वाहन को नकुल भाटी चला रहे थे। रात 12:30 बजे के करीब जब जीप इटावा रोड पर गांव खूजा के निकट पहुंची। तभी पीछे से आई अनियंत्रित क्रेन ने जीप में टक्कर मार दी। हादसे में जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्डे में जा गिरी।
जिससे सिपाही विकास, नकुल और पिकअप चालक अभिषेक यादव निवासी रितौर थाना इकदिल इटावा घायल हो गए। सूचना पर बेवर इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। घायलों को सीएचसी बेवर ले जाया गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया।
सूचना मिलते ही सीओ भोगांव आरके द्विवेदी और इंस्पेक्टर ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल सिपाहियों से हादसे की जानकारी लेकर घटना के बारे में उच्चाधिकारियों को बताया। सीओ भोगांव ने बताया कि घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी की स्थिति खतरे से बाहर है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।