मैनपुरी में फर्जी टीसी गिरफ्तार: टिकट चेक करने के बहाने करता था रेकी, साथी चुराते थे यात्रियों का सामान
आरोपी यात्रियों का सामान चोरी करने वाले गिरोह का सदस्य निकला, जिसके अन्य साथियों की तलाश अब जीआरपी कर रही है। ...और पढ़ें

फर्जी टीसी प्रमाणपत्र दिखाता हुआ।
HighLights
फर्जी आईडी कार्ड पर टीसी बनकर पकड़ा गया शातिर।
यात्रियों के सामान चोरी करने वाले गिरोह का सदस्य था।
जीआरपी अब उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। उत्तर मध्य रेलवे के फर्जी हस्ताक्षर वाले आईडी कार्ड पर टिकट कलेक्टर (टीसी) बनकर यात्रियों पर रौब गांठने वाले शातिर को राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने कार्रवाई कर जेल भेजा है। पूछताछ में मिली जानकारी के बाद जीआरपी अब एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों से लूट और सामान की चोरी करने वालों की तलाश में जुट गई है।
उत्तर मध्य रेलवे द्वारा त्योहार स्पेशल ट्रेन को विस्तारित कर दिया है। जिसके बाद से गाड़ी संख्या 09111 गोरखपुर-वड़ोदरा एक्सप्रेस ट्रेन प्रत्येक मंगलवार की रात मैनपुरी जंक्शन से होकर गुजरती है।
सात जुलाई की रात लगभग 12 बजे मैनपुरी जंक्शन से छूटते ही ट्रेन फर्रुखाबाद की ओर बढ़ी थी तभी रात के अंधेरे में एक व्यक्ति खुद को टीसी बताते हुए बोगी में यात्रियों के टिकट मांगने लगा।
गोरखपुर-वड़ोदरा विशेष ट्रेन में यात्रियों पर गांठ रहा था रौब
उसके पहनावे और गले में पड़े आईडी कार्ड को देखकर कुछ यात्रियों को संदेह हुआ तो उन्होंने इसकी सूचना रेलवे को दी। रात लगभग एक बजे के आसपास ट्रेन जैसे ही नीब करोरी स्टेशन पर पहुंची, पहले से सतर्क वहां के स्टेशन मास्टर ने ट्रेन में मौजूद आरपीएफ जवानों के सहयोग से उसे उतरवा लिया। संदेह होने पर जीआरपी मैनपुरी थाना पुलिस को सूचना दी गई थी।
नीबकरोरी स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर पकड़ा गया था
जीआरपी थाना प्रभारी सोनू शर्मा के नेतृत्व में आरक्षी हरेश शर्मा, हेड कॉन्स्टेबल लाखन और संजय चाहर रात लगभग दो बजे स्टेशन पर पहुंचे और पूछताछ आरंभ की। शातिर ने अपना नाम सुखदेव सिंह भदौरिया पुत्र अहिबरन सिंह भदौरिया निवासी गांव पकरा, पोस्ट मितौली, थाना गुरसहायगंज जिलीा कन्नौज बताया था। जीआरपी उसे पकड़कर मैनपुरी थाने पर ले आई।
कुछ साथियों के साथ सो रहे यात्रियों का सामान चोरी करने का कार्य करता था।
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वे अपने कुछ साथियों के साथ ट्रेन की बोगियों में सो रहे यात्रियों का सामान चोरी करने का कार्य करता था। टिकट चेक करने के बहाने बोगी की रेकी करता था और पीछे उसके साथी सामान चोरी कर ले जाते थे। तलाशी में उसके पास से रेलवे के तीन अलग-अलग आईडी कार्ड और चोरी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया था। लिखा-पढ़ी करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
खबरें और भी
पूछताछ के आधार पर कुछ अन्य जानकारी मिली हैं। जीआरपी की टीम अब सतर्कता बरतते हुए जांच कर रही है। आरोपित को धारा 204 बीएनएस, 137 रेलवे एक्ट और 305 बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई कर जेल भेजा गया है।
सोनू शर्मा, थाना प्रभारी निरीक्षक, राजकीय रेलवे पुलिस, मैनपुरी