मैनपुरी भोगांव विधायक का रिपोर्ट कार्ड: काम तो दिख रहा क्षेत्र में, सपा बेल्ट में सौतेलापन
मैनपुरी के भोगांव विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने क्षेत्र में 550 करोड़ के विकास कार्य कराए हैं, पर सपा बेल्ट में सौतेलापन और रोजगार की कमी के आरोप हैं। ...और पढ़ें

मैनपुरी भोगांव विधायक रामनरेश अग्निहोत्री।
HighLights
विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने 550 करोड़ के विकास कार्य कराए।
सपा बेल्ट में सौतेलापन और रोजगार की कमी के आरोप।
रघुबीर सलूजा, भोगांव (मैनपुरी)। स्थानीय विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने विकास कार्य तो बहुत कराए परंतु विकास कार्यों में सौतेलापन किए जाने की बात सपा के लोग करते हैं। इससे सपा बेल्ट वाली सड़कें बदहाल पड़ी हुई हैं।
वर्ष 2022 में सपा के आलोक शाक्य को हराकर भाजपा की सरकार बनवाने में सहभागिता करने वाले विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाने के साथ अनेक विकास कर तो कराए हैं। परंतु स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार परक किसी भी प्रोजेक्ट को विधानसभा क्षेत्र में लाने में तथा मेडिकल कालेज की स्थापना कराने में वह असफल रहे हैं।
भोगांव विधानसभा में पिछले दो बार से भाजपा विधायक रामनरेश अग्निहोत्री लगातार विधायक हैं। पिछली सरकार में कुछ समय के लिए वह आबकारी मंत्री भी रहे। अपने कार्यकाल में उन्होंने अपनी विधानसभा में काफी विकास कार्य कराए हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में क्षेत्र वासियों की आवश्यकता के अनुसार अधिकांश गांवों एवं मजरों में सड़कों के जाल बिछाए गए हैं।
मंदिरों एवं रामलीला मैदान का सुंदरीकरण भी करवाया गया है। करोड़ों रुपयों की लागत से बाबू कल्याण सिंह पार्क का निर्माण कराया गया। स्थानीय नागरिक रमेश बाबू का कहना है कि कानून व्यवस्था में सुधार अवश्य हुआ है सडकें भी बनी है परंतु बेरोजगारी को दूर करने के लिए जनप्रतिनिधि ने कोई कार्य नहीं किया है। जिससे बेरोजगार महानगरों की ओर पलायन कर रहे हैं।
सुल्तानगंज निवासी रामवीर शर्मा ने बताया कि अनेक गांवों में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से जल भराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। बरसात के समय हालात बिगड़ जाते हैं। इससे बच्चों व बुजुर्गाें को काफी परेशानी होती है।
खबरें और भी
बिछवां निवासी अमरचंद का कहना है कि बिछवा में बस स्टैंड की स्थापना में तथा पीएचसी में चिकित्सकों की एवं पशु चिकित्सकों की तैनाती में जनप्रतिनिधि ने कभी ध्यान देना मुनासिब नहीं समझा है।यहां डाक्टर की तैनाती हो जाए तो स्थानीय लोगों को आराम मिले।
ये बोले विधायक
वर्ष 2022 में चुनाव जीतने के बाद पूरे विधानसभा क्षेत्र को सड़कों एवं बिजली से संतृप्त करने के साथ-साथ मंडी समिति, लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत, विधायक निधि आदि से 550 करोड़ रुपये से विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य कराए हैं। इसमें सड़क, हाई मास्क लाइटें, विश्राम स्थल, बरात घर, सड़कों का चौड़ीकरण, 25 सरकारी ट्यूबवेल आदि की स्थापना शामिल है।
इसके अतिरिक्त भोगांव नगर में तीन वातानुकूलित बरात घर, बाबू कल्याण सिंह पार्क, रामलीला मैदान, सोमनाथ मंदिर लालपुरी महाराज मंदिर, बेवर के विदुर आश्रम, जासमई में हनुमान मंदिर औरंध में सती माता मंदिर तथा आदर्श सरोवर निर्माण दो दर्जन अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराया। भोगांव नगर में पुरानी तहसील भवन में बालिका राजकीय महाविद्यालय की स्थापना प्रस्तावित है।
रामनरेश अग्निहोत्री, भाजपा विधायक
सपा क्षेत्र में हो रहा सौतेलापन
वर्ष 2012-17 की समाजवादी पार्टी की सरकार में हमने पूरी पारदर्शिता एवं ईमानदारी से सड़कों का निर्माण, बेवर के गढ़िया में आश्रम पद्धति विद्यालय, भोगांव में आइटीआइ स्कूल, यात्रियों की सुविधा के लिए भोगांव एवं बेवर में बस स्टैंड का निर्माण कराया।
काली नदी पर चंहुओर से पुल का निर्माण, किसानों की उपज मंडी तक पहुंचाने के लिए सड़कों का निर्माण सहित छात्रों, व्यापारियों, किसानों, महिलाओं को अनेक योजनाओं से लाभान्वित कराया। उन्होंने सपा के शासनकाल में ट्रामा सेंटर स्वीकृत कराया था। जिसे भाजपा सरकार आज तक निर्माण नहीं कर पाई है। सड़कों में गड्ढे हैं। बिजली, स्वास्थ्य एवं कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।
सौतेले तरीके से कार्य कराए जा रहे हैं। भाजपा विधायक सपा क्षेत्र में सौतेलापन कर रहे हैं। उन्हें पूरे विधानसभा क्षेत्र को अपना समझकर विकास कार्य कराने चाहिए।
आलोक शाक्य, पूर्व विधायक
विधानसभा क्षेत्र के आंकड़े
- कुल मतदाता- 314730
- पुरुष मतदाता- 173259
- महिला मतदाता- 141467
- थर्ड जेंडर- 4
यह भी पढ़ें- मैनपुरी सदर विधायक जयवीर सिंह का रिपोर्ट कार्ड: सड़कों से लेकर मंदिरों तक चमक, उधर अनदेखी का अंधेरा