मेरी मौत की जिम्मेदार पत्नी, साली, सास और तीन साले...; मैनपुरी में वीडियो बनाकर युवक ने किया जीवन का दर्दनाक अंत
मैनपुरी के किशनी में अखिलेश कुमार नामक युवक ने पत्नी और ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए वीडियो बनाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मोबाइल जब्त ...और पढ़ें

मृतक अखिलेश का फाइल फोटो।
संवाद सूत्र, किशनी (मैनपुरी)। भाइयों मेरी मौत का कारण मेरी पत्नी, साली, सास, तीन साले और सलहज है। यदि पानी से सिर से ऊपर चढ़ जाए तो बर्दाश्त नहीं होता है। सरेआम यदि कोई परेशान हो तो क्या करेगा। यदि मर्द हो या जानवर की कद्र नहीं करेंगे तो मरने को मजबूर होगा। ये वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के बाद युवक ने सोमवार दोपहर तीन बजे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
गांव कैल्टी निवासी 35 वर्षीय अखिलेश कुमार उर्फ लोचन का दो दिन पूर्व पत्नी लाली से घरेलू बातों को लेकर विवाद हुआ तो वह गांव चिरैयाहार स्थित मायके चली गई। इसी बात से वह तनाव में थे। सोमवार दोपहर को वह घर पर थे।
दोपहर तीन बजे के करीब गांव के ही कुछ लोग खेत में धान की रोपाई के लिए उन्हें बुलाने को घर पहुंचे तो ग्रामीणों ने कमरे में अखिलेश का शव पंखा के कुंडा में साड़ी के फंदे से लटका देखा। जानकारी होते स्वजन में चीख पुकार मच गई। मृतक के शव के पास ही मोबाइल रखा था। जब स्वजन ने मोबाइल देखा तो पता चला कि मृत्यु से पहले अखिलेश एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
जिसमें पत्नी, साली, सास, तीन साले और सलहज पर प्रताड़ित करने का आरोप लगा रहे हैं। वीडियो में मृतक ने कहा कि उनकी मौत का जिम्मेदारी ये लोग ही हैं। वह लोग लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहे थे। सूचना पर किशनी इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह मौके पर पहुंचे। जहां पुलिस ने शव फंदे से उतार मोर्चरी पर भिजवाया और ग्रामीणों से जानकारी ली।
खबरें और भी
बताया गया कि दो दिन पहले विवाद के बाद पत्नी लाली सात वर्षीय पुत्री अंशिका को लेकर मायके चली गई। जबकि उनका 11 वर्षीय पुत्र अंकित घर पर ही था। मृत्यु की जानकारी देने के बाद भी लाली गांव नहीं पहुंची थी। पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
किशनी इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।