विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे को जोड़ेगा नया लिंक एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड और रुहेलखंड जाना होगा आसान

Published: Fri, 28 Aug 2026 05:19 PM (IST)

मैनपुरी जिले में फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के लिए नवीगंज के पास एक इंटरचेंज कट बनाया जाएगा, जो जीटी रोड से जुड़ेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के लिए मैनपुरी में इंटरचेंज बनेगा।

  2. नवीगंज टोल प्लाजा के पास जीटी रोड से जुड़ेगा कट।

  3. 92% से अधिक भूमि अधिग्रहण पूरा, यात्रा होगी आसान।

संवाद सूत्र, मैनपुरी। फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के लिए जिले में एक इंटरचेंज कट बनाया जाएगा। नवीगंज के पास टोल प्लाजा से थोड़ी दूरी पर इंटरचेंज बनाने के लिए एलाइनमेंट तैयार कर लिया गया है। चनेपुर गांव में एक्सप्रेसवे के लिए इंटरचेंज बनेगा, जबकि अकबरपुर बिकू की जमीन पर एक्सप्रेसवे का ट्रैफिक जीटी रोड से जुड़ेगा।

प्रदेश में एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए यूपीडा ने नए फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया है। एक्सप्रेसवे के लिए जिले में 92 प्रतिशत से ज्यादा जमीन की खरीद पूरी हो चुकी है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए बनने वाले लिंक एक्सप्रेसवे से जिले के लोगों को बुंदेलखंड और रुहेलखंड के इलाकों में जाने में सुविधा मिलेगी।

एक्सप्रेसवे के लिए जिले में जीटी रोड पर इंटरचेंज कट बनेगा। इस कट से मैनपुरी और कन्नौज के छिबरामऊ क्षेत्र के लोग एक्सप्रेसवे होकर आवागमन कर सकेंगे। ग्राम पंचायत छबीलेपुर के गांव चनेपुर पर इंटरचेंज बनाने के साथ ही जीटी रोड से जोड़ने के लिए अकबरपुर बिकू की जमीन पर सड़क बनाई जाएगी।

नवीगंज टोल प्लाजा और गांव नगला देवी ओवरब्रिज के मध्य से एक्सप्रेसवे जीटी रोड को क्रास करेगा। एलाइनमेंट के लिहाज से यहां पर जमीन खरीद पूरी कर ली गई है।

यह भी पढ़ें- मैनपुरी: बेहतर प्रबंध के दावे धड़ाम, रोडवेज बसों में खड़े होने की भी जगह न मिली

टोल बूथ के उद्देश्य से हुई जमीन खरीद

एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज के लिए 120 मीटर वर्गाकार चौड़ाई में गोल चक्कर बनाया जाएगा। ग्रामसभा छबीलेपुर व अकबरपुर बिकू में ज्यादा जमीन को चिह्नित किया गया है। दोनों ग्रामसभाओं में एप्रोच रोड पर टोल बूथ बनाए जाएंगे। इन बूथ के जरिए टोल अदाकर लोग यात्रा कर सकेंगे।


दोनों ग्रामसभाओं में मानकानुसार जमीन खरीद कराई गई है। यूपीडा से प्राप्त एलाइनमेंट के अनुसार जमीन खरीद हुई है। विशेषज्ञों के द्वारा इंटरचेंज कट का निर्माण कराया जाएगा।

                                                                              मिथिलेश त्रिपाठी, एसडीएम भोगांव