Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आम तोड़ने पेड़ पर चढ़ा बच्चा आया करंट की चपेट में, वहीं चिपककर तोड़ दिया दम; मैनपुरी में ग्रामीणों ने घेरा सब स्टेशन

    By Veerbhan Singh Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Fri, 10 Jul 2026 08:31 PM (IST)

    मैनपुरी में 11 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आने से दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। करहल में आम तोड़ने पेड़ पर चढ़ा बच्चा और किशनी में छ ...और पढ़ें

    सब स्टेशन पर शव रखकर हंगामा करते ग्रामीण।

    सब स्टेशन पर शव रखकर हंगामा करते ग्रामीण।

    संवाद सूत्र, करहल (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के गांव सिमरऊ में आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ा बालक 11 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आ गया जिससे मौके पर ही मृत्यु हो गई। खेलने के लिए पहुंचे अन्य बच्चों के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने सप्लाई बंद करा शव को उतारा। विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्वजन संग ग्रामीणों ने उपकेंद्र परिसर में शव रखकर विरोध जताया।

    थाना पुलिस और उपखंड अधिकारी ने समझाकर लोगों को शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गांव निवासी रविंद्र भदौरिया का 13 वर्षीय पुत्र अखिलेश उर्फ मोगली शुक्रवार को स्कूल से आने के बाद खेलने निकल गया था। वह आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ा, तभी पेड़ के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आकर चिपक गया

    कुछ देर बाद खेलने पहुंचे दूसरे बच्चों ने जब उसे पेड़ पर देखा तो शोर मचाया। शोर सुनकर पास ही खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने पहुंचकर इसकी सूचना बिजली विभाग को दी और सप्लाई बंद कराई। सप्लाई बंद होने के बाद उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। जानकारी होते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई।

    बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीण स्वजन के साथ पास ही स्थित विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और शव को रखकर विरोध आरंभ कर दिया। विरोध को देखते हुए उपखंड अधिकारी उपेंद्र यादव व अन्य अधिकारी भी वहां पहुंच गए। पुलिस की उपस्थिति में सभी को समझाकर शांत कराया और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया है।

    खबरें और भी

    थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पांडेय का कहना है कि शव को मोर्चरी पर भिजवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व स्वजन की शिकायत के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।

    11 हजार वोल्ट के करंट से छात्र की मृत्यु

    किशनी में छत के ऊपर से गुजरी 11 हजार वोल्ट की एचटी लाइन के करंट की चपेट में आकर बीएससी के छात्र की मृत्यु हो गई। थाना क्षेत्र के गांव महोलीखेड़ा निवासी करन पुत्र वेदरात शुक्रवार दोपहर अपने मकान की छत पर गए थे। छत के ऊपर से एचटी लाइन गुजरी हुई है। अनजाने में ही वे करंट की चपेट में आकर झुलस गए।

    स्वजन उन्हें तत्काल सीएचसी किशनी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवाया है।