मैनपुरी: रात में नकाब पहनकर खेल रहा था युवक, सुबह खेत में पड़ा शव, स्वजन ने लगाया पिटाई का आरोप
मैनपुरी के कोसमा हिनूद गांव में नकाब पहनकर लुकाछिपी खेल रहे एक युवक अनीश का शव खेत में मिला। स्वजनों ने ग्रामीणों द्वारा पिटाई का आरोप लगाया है, हालां ...और पढ़ें

मैनपुरी में युवक के शव के पास खड़े परिवार के लोग।
HighLights
नकाब पहनकर लुकाछिपी खेलने के बाद घटना।
स्वजनों ने पिटाई से मौत का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। घिरोर थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमा हिनूद में शुक्रवार की सुबह 10 बजे करीब गांव से आधा किलोमीटर दूर खेत में एक युवक का शव पड़ा मिला। स्वजन ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की रात को युवक अपने चचेरे भाई के साथ नकाब पहनकर लुका छिपी खेल रहा था। इस दौरान कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी थी। हालांकि स्वजन ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।
गांव कोसमा हिनूद निवासी 20 वर्षीय अनीश पुत्र सलामत का शुक्रवार की सुबह 10 बजे गांव से आधा किलोमीटर दूर खेत में पड़ा मिला। मौके पर पहुंची क्षेत्राधिकारी कुरावली सच्चिदानंद को स्वजन ने बताया कि अनीश और उसका 15 वर्षीय चचेरा भाई अप्पू पुत्र मुन्ना गुरुवार की रात में नकाब पहनकर गांव में लुका छिपी खेल रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने दोनों की पिटाई कर दी थी।
जानकारी मिलने पर स्वजन मौके पर पहुंचे और अप्पू को लेकर घर लौट आए। उस समय अनीश मौके पर नहीं मिला। इसके बाद उसका शव शुक्रवार सुबह खेत में मिला है। स्वजन का आरोप है कि रात में पिटाई के कारण ही अनीश की मृत्यु हुई है। हालांकि स्वजन ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।
सीओ ने बताया कि युवक का शव खेत में पड़ा मिला है। स्वजन ने पिटाई के बाद उसका शव खेत में मिलने का आरोप लगाया है। हालांकि उसके शव पर चोटों के निशान नहीं हैं। अभी स्वजन ने कोई तहरीर भी नहीं दी है। मृत्यु का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।