मैनपुरी के पास बनेगी टाउनशिप, 285 एकड़ में आवास विकास परियोजना लाने की तैयारी; होंगी तमाम सुविधाएं
मैनपुरी में सिंहपुर नहर पुल के पास 285 एकड़ में नई आवासीय परियोजना 'आवास विकास परियोजना-2' की तैयारी चल रही है। यह परियोजना शहर के विस्तार और लोगों को ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। जिले में नए मैनपुरी शहर को बसाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए प्रशासन शहरी क्षेत्र में सिंहपुर नहर पुल के समीप आवास विकास परियोजना-2 पर काम कर रहा है। लगभग 285 एकड़ में इस परियोजना के विस्तार की तैयारी हो चुकी है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री की पहल पर आवास विकास परियोजना के अधिकारी स्थलीय मुआयना कर चुके हैं। जिले के लोगों के लिए एक नई आवासीय परियोजना की सौगात जल्द मिल सकती है।
प्रस्तावित टाउनशिप के लिए सिंहपुर नहर पुल के पास सदर तहसील क्षेत्र में आवास-विकास परियोजना पार्ट-2 की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। गांव औडेन्य पड़रिया में करीब 285 एकड़ जमीन पर इस टाउनशपिन को बसाने की तैयारी है।
आवास विकास परिषद आगरा की टीम जमीन की तलाश के लिए भौतिक निरीक्षण कर चुकी है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह एवं आवास विकास परिषद् के अधिकारियों के बीच इसे लेकर फाइनल टच भी दिया जा चुका है।
साथ ही आवास विकास परिषद् के अधिकारी जमीन का स्थलीय निरीक्षण भी कर चुके हैं। इसका प्रस्ताव भी आगरा से स्वीकृत होकर शासन को भेजा जा चुका है। सबकुछ ठीक रहा तो इस वर्ष के अंत तक यह परियोजना धरातल पर उतर सकती है।
आवास विकास में करोड़ों रुपये है संपत्ति की कीमत
शहर के बीचोंबीच पूर्व में बसाई गई आवास विकास कालोनी में वर्तमान में लोगों को जमीन उपलब्ध नहीं है। कुछ आवास और खाली भूखंड यदि यहां बिक्री के लिए उपलब्ध हैं भी, तो उनकी कीमती करोड़ों रुपये हैं। ऐसे में लोगों के लिए आवास विकास परियोजना पार्ट-2 काफी सहूलियत भरी हो सकती है।
एक नए शहर का हो जाएगा निर्माण
शहर को जाम की समस्या से जल्द ही निजात दिलाने के उद्देश्य से दक्षिणी बाइपास का निर्माण शुरू हो चुका है। इस बाइपास की लंबाई 20 किमी है। इससे एक तरफ जहां शहर को जाम से निजात मिलेगी तो वहीं शहर विस्तार और रोजगार के भी नए द्वारा बाईपास निर्माण से खुलेंगे।
खबरें और भी
इसके जरिए आगरा और इटावा का संपर्क और दुरुस्त हो जाएगा। अगर, इस बाइपास के किनारे पर आवास विकास परियोजना पार्ट-2 लांच होती है तो यहां लोगों की बसावट तेजी से हो जाएगी। इस प्रकार उस 20 किमी के क्षेत्र में एक नया शहर बस जाएगा।
सिंहपुर नहर पुल के आसपास एक आवासीय परियोजना विकसित होनी है। करीब 285 एकड़ की परियोजना के विस्तार से शहर का विकास होगा। स्थानीय लोगों को आवासीय सहूलियत मिलेगी।
- ठा. जयवीर सिंह, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री