गोवर्धन की मानसी गंगा में हादसा, राजस्थान से परिक्रमा लगाने आया 11 साल का बच्चा डूबा; निकालने से पहले ही हो गई मौत
गोवर्धन की मानसी गंगा में स्नान के दौरान पैर फिसलने से राजस्थान का 11 वर्षीय बालक अविनाश गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस दुखद घटना ने ...और पढ़ें

मानसी गंगा में डूबे बच्चे को निकालते गोताखोर।
संवाद सूत्र, गोवर्धन (मथुरा)। गिरिराज महाराज की परिक्रमा कर पुण्य कमाने आया 11 वर्षीय बालक सोमवार सुबह मानसी गंगा पर स्नान के दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में समा गया। करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने उसका शव बाहर निकाला। इसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इस हादसे ने एक बार फिर मानसी गंगा की बदहाल सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। राजस्थान के करौली जिले के थाना बालाघाट क्षेत्र के गांव भंडारी अंदरूनी निवासी 11 वर्षीय अविनाश अपने बड़े भाई अभिजीत और दोस्त चंद्रवीर उर्फ भोला के साथ गिरिराज महाराज की परिक्रमा लगाने गोवर्धन आया था।
रविवार को तीनों ने श्रद्धा के साथ परिक्रमा पूरी की और सोमवार सुबह नौ बजे मानसी गंगा के दसविसा घाट पर स्नान करने पहुंचे। दोस्त ने बताया कि स्नान करने के बाद वे सीढ़ियों की ओर लौट रहे थे। घाट की सीढ़ियों पर जमी काई के कारण अचानक पैर फिसल गया और वह और अविनाश गहरे पानी की ओर खिंचने लगे।
अभिजीत ने साहस दिखाते हुए किसी तरह भोला को बाहर निकाल लिया, लेकिन अविनाश देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया। कुछ ही सेकंड में वह पानी में ओझल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही गोवर्धन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे तक लगातार तलाश की गई।
खबरें और भी
इस दौरान घटनास्थल पर खड़े स्वजन और दोस्त हर बार गोताखोरों के पानी से बाहर आने पर चमत्कार की उम्मीद लगाए रहे, लेकिन जब अविनाश का निर्जीव शरीर बाहर निकाला गया तो पूरे परिसर में कोहराम मच गया। स्वजन बदहवास होकर रोने लगे और वहां मौजूद श्रद्धालुओं की आंखें भी नम हो गईं। थाना प्रभारी भगवत गुर्जर ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।