विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जन्माष्टमी पर मथुरा को बड़ी सौगात देंगे CM योगी, 446 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास

Published: Sun, 30 Aug 2026 06:48 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जन्माष्टमी पर मथुरा-वृंदावन को 446.09 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी 446 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास-लोकार्पण।

  2. 19 नई परियोजनाओं का शिलान्यास, 23 पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण।

  3. धार्मिक पर्यटन, यात्री सुविधाओं और हस्तशिल्प को मिलेगा बढ़ावा।

जागरण संवाददाता, मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीलास्थली को 446.09 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की 42 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।

263.69 करोड़ रुपये की लागत वाली 19 परियोजनाओं का शिलान्यास और पूर्ण हो चुकी 23 परियोजनाओं का लोकार्पण होगा। लोकार्पित परियोजनाओं पर 182.39 करोड़ रुपये की लागत आई है।

ब्रज तीर्थ विकास परिषद की सीईओ एवं विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया, शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की गोवर्धन तहसील के ऊंचागांव में सखीगिरी पर्वत के 30 हेक्टेयर वन क्षेत्र का ईको-रेस्टोरेशन, महावन के प्रेमनगर स्थित बौद्ध विहार परिसर में पर्यटक सुविधाओं का विकास, शेरगढ़ स्थित श्री दाऊजी मंदिर परिसर का संरक्षण, पंडाल, पार्किंग एवं सुलभ प्रसाधन का निर्माण, फरह के दीनदयाल धाम में पर्यटन अवस्थापना केंद्र का निर्माण शामिल है।

ये विकास कार्य हैं शामिल

इसी तरह वृंदावन परिक्रमा मार्ग स्थित भवनों में फसाड़ लाइटिंग, सुंदरीकरण व साइनेज, गोवर्धन में पर्यटन सुविधाओं का विकास शामिल है। विकास प्राधिकरण की प्रमुख परियोजनाओं में छाता क्षेत्र में 30 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान रोड का निर्माण, छटीकरा-वृंदावन मार्ग का सुंदरीकरण, मथुरा कट से टैंक चौराहा मार्ग का सुंदरीकरण, लक्ष्मी नगर तिराहे से कृष्णापुरी तिराहे तक सड़क का उच्चीकरण, बरसाना परिक्रमा मार्ग पर पार्किंग व पर्यटक सुविधाओं का विकास, श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास गलियों और मार्गों पर स्ट्रीट फसाड का विकास शामिल है।

उन्होंने बताया कि ब्रज तीर्थ विकास परिषद की लोकार्पित होने वाली परियोजनाओं में अकबरपुर जैत में टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर, करहला में बज्रनाभ समाधि का पुनरुद्धार व सुंदरीकरण, वृंदावन के सुनरख में सौभरि ऋषि वाटरबाडी का सुंदरीकरण, नौहझील के झाड़ी वाले हनुमान मंदिर पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विकास और पानीगांव स्थित यमुना पुल पर फसाड लाइटिंग शामिल है।

स्थानीय हस्तशिल्प से जुड़ी गतिविधियों को मिलेगी गति

मथुरा परिक्रमा मार्ग का नवीनीकरण व विकास, विभिन्न भाषाओं में साइनेज बोर्ड, गीता शोध संस्थान व रासलीला अकादमी में गेस्ट हाउस, यमुना एक्सप्रेस-वे से पागल बाबा मंदिर-वृंदावन रोड पर नया प्रवेश द्वार, जनपद के विभिन्न बार्डर प्वाइंट पर भव्य प्रवेश द्वार भी लोकार्पित किए जाएंगे।

विकास प्राधिकरण की लोकार्पण परियोजनाओं में केशीघाट पर फसाड लाइटिंग, वृंदावन कुंभ मेला मैदान में श्रद्धालुओं के लिए शेड, बरसाना में यात्री शेड, वाटर प्वाइंट, होल्डिंग एरिया, शौचालय, विश्व बैंक सहायतित प्रो-पुअर पर्यटन विकास परियोजना के तहत सीएलटी सेंटर, इंटीग्रेटेड फ्लॉवर मैनेजमेंट सेंटर, आर्टीशन सेंटर फार कृष्णा पोशाक और जैंत में मॉडल आर्टीशन विलेज जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर प्रस्तावित मुख्यमंत्री के दौरे में इन परियोजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण से मथुरा-वृंदावन सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर धार्मिक पर्यटन, यात्री सुविधाओं, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, सुंदरीकरण, स्थानीय हस्तशिल्प से जुड़ी गतिविधियों को गति मिलेगी।

यह भी पढ़ें- जन्माष्टमी पर मथुरा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, साढ़े तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात, 16 वाच टावर से होगी निगरानी