मथुरा जंक्शन-भूतेश्वर के बीच चौथी-पांचवीं लाइन, दिल्ली-मुंबई ट्रेनों की बढ़ेगी स्पीड; लाखों यात्रियों का फायदा
मथुरा जंक्शन और भूतेश्वर रेलवे स्टेशन के बीच चौथी और पांचवीं रेलवे लाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है। इससे दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों का संच ...और पढ़ें

जंक्शन रेलवे स्टेशन से भूतेश्वर तक डाली जा रही लाइन के दौरान कार्य करते मजदूर। फोटो जागरण
HighLights
मथुरा जंक्शन-भूतेश्वर के बीच चौथी और पांचवीं रेलवे लाइन बिछाई जा रही
दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन होगा अब सुगम
परियोजना पूरी होने पर यात्रियों और श्रद्धालुओं का समय बचेगा
जागरण संवाददाता, मथुरा। दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर स्थित मथुरा जंक्शन और भूतेश्वर रेलवे स्टेशन के बीच जल्द ही ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम और गतिमान होने जा रहा है। रेलवे प्रशासन द्वारा दोनों स्टेशनों के मध्य चौथी और पांचवीं रेलवे लाइन बिछाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने के बाद मथुरा जंक्शन और भूतेश्वर के बीच कुल पांच रेलवे लाइनें उपलब्ध हो जाएंगी, जिससे इस रूट पर लगने वाले रेल ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिल जाएगी।
वर्तमान में दिल्ली की ओर से चार और अलवर की तरफ से एक लाइन आकर भूतेश्वर रेलवे स्टेशन पर मिलती है, जिससे भूतेश्वर पर कुल पांच लाइनें हो जाती हैं। इसी तरह मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर भरतपुर की तरफ से दो और आगरा की तरफ से तीन रेलवे लाइनें आती हैं, जिनका योग भी पांच होता है।
जंक्शन-भूतेश्वर के बीच की जा रहीं हैं पांच रेलवे लाइन
मथुरा जंक्शन और भूतेश्वर के बीच केवल तीन रेलवे लाइनें ही चालू हैं। दोनों तरफ से पांच-पांच लाइनों का ट्रैफिक जब बीच की इन तीन लाइनों से गुजरता था, तो ट्रेनों के रुकने की स्थिति बन जाती थी। इसके कारण सुपरफास्ट और मालगाड़ियों को आउटर पर इंतजार करना पड़ता है और रेल संचालन प्रभावित होता है। चौथी और पांचवीं लाइन डलने से समस्या का समाधान होगा।
रेलवे ओवरब्रिज पर सड़क की जा रही है दो फीट नीचे
इस रेल परियोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए रेलवे और स्थानीय प्रशासन को कुछ ढांचागत बदलाव भी करने पड़ रहे हैं। नए बस अड्डे के पास रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से गुजरने वाले रेलवे ट्रैक के लिए पर्याप्त ऊंचाई की आवश्यकता है, ताकि सड़क परिवहन में किसी तरह की परेशानी न हो। इसके समाधान के लिए नए बस अड्डे से लेकर स्टेट बैंक चौराहा तक की सड़क को करीब दो फीट नीचा किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी: टिन्नू यादव का नाम लेने पर मिलती थी चेकिंग से छूट, SIT को बैंक कैशियर ने बताया
तेजी से चल रहा है सड़क का काम
सड़क की खोदाई और उसे समतल करने का काम तेजी से चल रहा है। इस निर्माण कार्य के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को ट्रैफिक जाम की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन भविष्य की सुगमता को देखते हुए प्रशासन इसे जल्द से जल्द पूरा करने में जुटा है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- आगरा: खीर में नशीली गोलियां, फिर हत्या और घर में दफनाया शव; पत्नी का चौंकाने वाला सच
इस परियोजना के पूरा होने पर मथुरा-दिल्ली रूट पर ट्रेनों की लेटलतीफी काफी हद तक कम हो जाएगी। आउटर पर ट्रेनों को रोकने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे यात्रियों के कीमती समय की बचत होगी।
लाखों श्रद्धालुओं के लिए काम आने वाले कदम
धार्मिक नगरी मथुरा में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और दैनिक यात्रियों के लिए रेलवे का यह कदम आने वाले दिनों में वरदान साबित होने वाला है।
जंक्शन रेलवे स्टेशन के डायरेक्टर सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि जंक्शन और भूतेश्वर रेलवे स्टेशन के मध्य पांच रेलवे लाइन होने से रेल यातायात सुगम होगा।