नशेबाज युवकों ने दरोगा के मारा तमाचा, मुड़िया मेला में गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर मचाया हुड़दंग; दो गिरफ्तार
गोवर्धन के मुड़िया मेला में ड्यूटी पर तैनात दरोगा राम प्रसाद को दो नशेबाज युवकों ने थप्पड़ मार दिया। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट के ...और पढ़ें

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
संवाद सूत्र, गोवर्धन (मथुरा)। मुड़िया मेला में ड्यूटी पर फिरोजाबाद से आए एक दरोगा के साथ दो नशेबाज युवकों ने अभद्रता कर दी। उनके गाल पर एक तमाचा जड़ दिया। हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। सरकारी कार्य में बाधा व मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पांच दिवसीय मुड़िया पूर्णिमा मेला में आगरा रैंज से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके तहत फिरोजाबाद पुलिस लाइन से दरोगा राम प्रसाद की भी गोवर्धन में ड्यूटी लगाई गई थी। गुरुवार की रात करीब 10 बजे परिक्रमा मार्ग के खंभा संख्या 51 के समीप कुछ युवकों ने विवाद हो गया। मामला मारपीट तक पहुंच गया। सूचना पर दरोगा राम प्रसाद वहां पहुंचे और मामला शांत करने लगे।
किसी बात से नाराज दो युवकों ने उनके साथ अभद्रता कर दी। थाने से पुलिस पहुंची और आरोपित दो युवकों को गिरफ्तार कर थाने ले आई। इस मामले में दरोगा ने गोवर्धन थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस घटना का किसी ने वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। इस वीडियो में दो दर्जन लोग दिख रहे हैं। इनमें एक महिला भी शामिल है। दरोगा राम प्रसाद वहां पहुंचकर लोगों से मामले की जानकारी कर रहे थे।
स्थिति भांप दारोगा वहां से चलने को हुए तो एक युवक ने उन्हें वर्दी पकड़ कर खींच लिया। इसके बाद एक युवक ने उनके गाल पर अचानक तमाचा जड़ दिया। एसपी ग्रामीण एससी रावत ने बताया, ड्यूटी के दौरान दरोगा के साथ दो युवकों ने अभद्रता की है। हरेंद्र उर्फ हरदेव और बजरंग चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के समय दोनों नशे में बताए गए हैं।