फूलबंगला में विराजे गोविंद को देखते रह गए पूर्व राष्ट्रपति कोविंद, वृंदावन में बांकेबिहारी का लिया आशीर्वाद
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपनी पत्नी और बेटी के साथ तीन दिवसीय वृंदावन प्रवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने बांकेबिहारी और प्रेम मंदिर में दर्शन किए। ...और पढ़ें

बांकेबिहारी मंदिर में पूजा करते पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद।
संवाद सहयोगी, वृंदावन। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपने तीन दिवसीय प्रवास पर शुक्रवार को वृंदावन पहुंचे। पहले दिन उन्होंने पत्नी और बेटी के साथ ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन किए। फूलबंगला में विराजे गोविंद की मोहक छवि देख कोविंद मुग्ध हो गए। प्रेम मंदिर में ठाकुर जी की दर्शन कर मंदिर की अद्भुत छटा निहारी। फिर धानुका आश्रम में उन्होंने श्रीराधा कृष्ण की रासलीला का आनंद लिया।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार की दोपहर साढ़े 12 बजे रुक्मिणी विहार स्थित होटल ताज विवांता पहुंचे। यहां भोजन करने के बाद विश्राम किया। शाम छह बजे बांकेबिहारी मंदिर के लिए रवाना हुए। 6.20 बजे वह मंदिर पहुंचे। यहां वीआइपी कटहरे से फूलबंगला में विराजित ठाकुर जी के दर्शन किए।
सेवायतों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य पूर्व राष्ट्रपति को पूजा-अर्चना व ठाकुरजी की देहरी पर इत्र सेवा कराई। ठाकुरजी का प्रसादी अंगवस्त्र, माला, मुरली व प्रसाद भेंट किया। यहां मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि उन्होंने ठाकुर बांकेबिहारी से कामना की है कि सभी मानव का मंगल हो, कल्याण हो। मुझे उम्मीद है बांके बिहारी सबकी सुनते हैं सब को देखते हैं आपकी तरफ भी ध्यान दें, हमारी तरफ भी ध्यान दें।
करीब 15 मिनट तक मंदिर में पूजन के बाद वह प्रेम मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान श्रीराधा कृष्ण व प्रभु श्रीसीताराम के मंदिर में किए। मंदिर की अद्भुत छटा और रोशनी निहारी। यहां मंदिर प्रतिनिधि अजय त्रिपाठी व तिलक प्रसाद ने पूर्व राष्ट्रपति को स्मृतिचिन्ह प्रदान कर स्वागत किया।
खबरें और भी
प्रेममंदिर मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद पूर्व राष्ट्रपति का काफिला धानुका आश्रम गेस्टहाउस पहुंचा। यहां मंदिर में दर्शन करने के बाद श्रीराधाकृष्ण की लीला मंचन का अवलोकन किया। इसके बाद होटल के लिए रवाना हो गए।
पूर्व राष्ट्रपति के लिए गेट संख्या दो से प्रतिबंधित रही भक्तों की एंट्री
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार शाम 6.20 बजे पर ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर पहुंचे तो पुलिस ने साढ़े पांच बजे से ही मंदिर के गेट संख्या दो से श्रद्धालुओं की एंट्री प्रतिबंधित कर दी और वीआइपी रोड पर भी श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों का आवागमन बंद कर दिया।
मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं पुलिस ने डायवर्ट कर गेट संख्या तीन से प्रवेश दिलाया और गेट संख्या चार से बाहर निकाला। पूर्व राष्ट्रपति जब दर्शन करके निकल गए, तब जाकर मंदिर में श्रद्धालुओं को दोनों प्रवेशद्वारों से एंट्री मिल सकी।
ये है शनिवार को पूर्व राष्ट्रपति का कार्यक्रम
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सुबह 10.40 बजे रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम पहुंचेंगे। यहां स्वामी विवेकानंद की आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद रामकृष्ण मठ में ठाकुरजी के दर्शन करेंगे और राष्ट्रपति पद पर रहते अस्पताल के जिस शारदा ब्लाक का लोकार्पण किया, इसका अवलोकन कर संतों संग आध्यात्मिक चर्चा करेंगे।
लगभग आधा घंटे रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में रहने के बाद पूर्व राष्ट्रपति रुक्मिणी विहार स्थित सिग्नेचर वृंदावन आश्रम का लोकार्पण करने पहुंचेंगे और शाम को इस्कान मंदिर में दर्शन करेंगे।