पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आ रहे हैं मथुरा, तीन दिन करेंगे वृंदावन में प्रवास; इस्कॉन मंदिर का है प्रोग्राम
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद तीन दिवसीय वृंदावन प्रवास पर आ रहे हैं। वे बांकेबिहारी, प्रेम मंदिर सहित कई मंदिरों के दर्शन करेंगे और संतों से मुलाकात ...और पढ़ें

वृंदावन का इस्कॉन मंदिर और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद।
संवाद सहयोगी, वृंदावन। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपने तीन दिवसीय वृंदावन प्रवास पर शुक्रवार को पहुंचेंगे। वह यहां ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन के साथ अन्य मंदिरों में भी दर्शन को जाएंगे। संतों से मुलाकात कर आध्यात्मिक चर्चा करेंगे।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सात अगस्त को सुबह साढ़े नौ बजे से नई दिल्ली से सड़क मार्ग से चलेंगे। करीब 12 बजे वह वृंदावन पहुंचेंगे। शाम छह बजे वह ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन करने के साथ प्रेम मंदिर में दर्शन करेंगे। वह धानुका आश्रम में आयोजित रासलीला कार्यक्रम में शामिल होंगे। आठ अगस्त की सुबह वह रामकृष्ण मिशन पहुंचेंगे और यहां संतों से मुलाकात कर आध्यात्मिक चर्चा करेंगे।
पूर्व राष्ट्रपति इस्काॅन मंदिर भी दर्शन को जाएंगे। वह रुक्मिणी विहार में नवनिर्मित सिग्नेचर वृंदावन धाम आश्रम का लोकार्पण करेंगे। नौ अगस्त को सुबह वह ज्ञानगुदड़ी स्थित वैजयंती आश्रम के धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद ठाकुर राधारमण मंदिर में दर्शन करेंगे। यहां से वह निधिवन और सेवाकुंज भी जाएंगे। शाम को वह नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।