मथुरा मांट विधायक का रिपोर्ट कार्ड: यमुना पर पुल की दरकार, यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन अब तक बदहाल
मांट विधानसभा क्षेत्र में यमुना पर पुल और यमुना एक्सप्रेसवे की बदहाल सर्विस लेन प्रमुख मुद्दे हैं, जबकि विधायक राजेश चौधरी बड़े विकास कार्यों का दावा ...और पढ़ें

मथुरा की मांट विधानसभा सीट से विधायक राजेश चौधरी।
नवनीत शर्मा, मथुरा। मांट विधानसभा क्षेत्र राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण है। इसलिए क्योंकि इस सीट पर श्याम सुंदर शर्मा लगातार आठ बार विधायक रहे। इसी सीट से रालोद मुखिया जयन्त चौधरी विधायक बने। पहली बार इस सीट पर भाजपा का कब्जा हुआ।
यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे है, इसलिए विकास के रास्ते भी काफी खुलने की उम्मीद है। यहां विकास कार्य तो खूब हुए, लेकिन अभी भी यमुना पर पुल की मांग पूरी नहीं हो सकी। एक्सप्रेसवे का सर्विस लेन भी बदहाल है।
ऐसा नहीं है कि इस क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हुए। सड़कें बनीं, बिजली आपूर्ति बेहतर करने के प्रयास हुए। मीठे पानी के लिए गंगाजल परियोजना पर काम चल रहा है। लेकिन एक दंश इस क्षेत्र के लोगों को है। वह यह कि औहावा-स्यारहा के बीच यमुना पर पुल का निर्माण नहीं हो सका है। इस रास्ते पर पैंटून पुल बनता है लेकिन हर बार वर्षा के पहले उसे हटा दिया जाता है।
औहावा से पैंटून पुल का रास्ता कच्चा और खतरनाक है। कई बार यहां पक्का पुल बनाने की मांग हुई, लेकिन पुल नहीं बन सका। यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन मांट क्षेत्र के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली मुख्य जीवनरेखा है। लेकिन काफी समय से यह सर्विस लेन क्षतिग्रस्त है। सड़क पर बने गहरे-गहरे गड्ढे न सिर्फ लोगों की कमर तोड़ रहे हैं।
बल्कि आए दिन दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसों का सबब बन रहे हैं। यमुना एक्सप्रेसवे पर सुरीर क्षेत्र में कट की मांग अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। कट के लिए महापंचायत और धरना प्रदर्शन तक हो चुके हैं।
खबरें और भी
औहावा मार्ग, नगला मौजी मोड़ से एक्सप्रेसवे तक सडक निर्माण की मांग पूरी नहीं हो सकी है। शीश गढ़ी से जरारा तक सड़क निर्माण की मांग की जा रही है। मांट क्षेत्र में ट्रामा सेंटर नहीं बन सका है। इरौली जुन्नारदार में जलभराव की समस्या रहती है।
क्या कहते हैं विधायक
मांट क्षेत्र का चहुंमुखी विकास कराया गया है। पूरे कार्यकाल में हजार करोड़ से ज्यादा के विकास कार्य कराए हैं। इस वर्ष भी 300 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्य मांट क्षेत्र में कराए गए हैं। 70 करोड़ से ज्यादा से इस वर्ष सड़क निर्माण कराया गया है। क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाया है। मंडी स्वीकृत कराई है। मंडी से किसानों को लाभ मिलेगा। ट्रामा सेंटर क्षेत्र के लिए स्वीकृत हो चुका है।
मांट, शेरगढ़, नौहझील के स्टेडियम की कायाकल्प कराई है। बेलवन मंदिर, ऐंचा दाऊजी मंदिर, झाड़ी हनुमान मंदिर की कायाकल्प हो रही है। यमुना एक्सप्रेस से पागलबाबा मंदिर तक फोर लेन सड़क का निर्माण हुआ है। हर क्षेत्र में विकास कार्य कराया गया है। जो रह गए हैं, उन पर तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।
औहावा-स्यारहा के मध्य अभी यमुना पुल का निर्माण कराना है। यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन की क्षतिग्रस्त सड़क का जीर्णोद्धार भी करना है।
राजेश चौधरी-विधायक, मांट विधानसभा क्षेत्र
न सड़कें बनीं ना चौड़ीकरण हुआ
हम कभी आलोचना नहीं करते, लेकिन समालोचना करते हैं। हमारा मानना है कि जनता के हित में चिंतन-मंथन करना धर्म है। अगर तुलना करें तो हमने अपने समय में अनगिनत काम कराए। हर मुहल्ले में हैंडपंप लगवाए, मांट विस क्षेत्र में जिनकी संख्या 40 हजार से अधिक होगी। जबकि आज बिजली, शिक्षा में जनता का शोषण किया जा रहा है।
हमने कई शिक्षण संस्थानों को शुरू कराया, लेकिन आज वे सभी बंद हो रहे हैं। आज एक भी गांव में नई सड़क नहीं बनी है। शेरगढ़-नौहझील-बाजना-गोमत सड़क का आज भी चौड़ीकरण नहीं हो पाया।
कुल मिलाकर वर्तमान विधायक की ओर से कोई नया प्रोजेक्ट शुरू नहीं कराया गया है। दरअसल, जनता से जुड़ाव कोई चुनावी रणनीति नहीं है, बल्कि एक स्थाई और सतत प्रक्रिया है, जो मेरे लिए तपस्या की तरह रही है। हमने हर सुख-दुख में जनता का साथ दिया।
श्याम सुंदर शर्मा- उपविजेता
ये है गणित
- 3,36,195-कुल मतदाता
- 1,80,795-पुरुष मतदाता
- 1,55,384-महिला मतदाता
- 16-थर्ड जेंडर