सीजन की पहली बरसात नहीं झेल पाया मथुरा, पौन घंटे में हर तरफ पानी ही पानी; बाजार में बहने लगीं नदियां
मथुरा में मानसून की पहली पौन घंटे की बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी, जिससे व्यापक जलभराव हो गया। भूतेश्वर और नए बस स्टैंड अंडरपास में 6-8 फी ...और पढ़ें

मथुरा में शुक्रवार को हुई बारिश के बाद बाजार का हाल। दूसरे फोटो में एक्टिवा को बहने से रोकते लोग।
जागरण संवाददाता, मथुरा। शहर में मानसून की पहली वर्षा ने ही व्यवस्था की पोल खोल दी। शुक्रवार को पौन घंटे की मूसलाधार वर्षा से शहर में हर तरफ पानी ही पानी दिखाई दिया। भूतेश्वर, नए व पुराने बस स्टैंड रेलवे अंडरपास के नीचे छह से आठ फीट तक पानी भर गया। दोपहिया वाहन बंद हो गए तो चारपहिया वाहन फंस गए। सुरक्षा को देखते हुए आवागमन रोक दिया गया।
करीब तीन घंटे बाद भूतेश्वर पर आवागमन शुरू हो सका, जबकि नए बस स्टैंड अंडरपास के नीचे तो जलनिकासी का कार्य ही शाम चार बजे शुरू हो सका। चौक बाजार में सड़क की परत उधड़ गई। पूरे शहर में जगह-जगह जलभराव होने से आवागमन प्रभावित रहा।
शुक्रवार की दोपहर 12:15 बजे आसमान में काले बादल छाए और फिर मूसलाधार वर्षा शुरू हो गई। करीब पौन घंटे की वर्षा से शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। भूतेश्वर, नए व पुराने बस स्टैंड स्थित रेलवे अंडरपास के नीचे करीब छह से आठ फीट तक पानी भर गया। भूतेश्वर व नए बस स्टैंड पर सुरक्षा को देखते हुए बैकहो लोडर लगाकर आवागमन को रोक दिया गया। इससे शहर दो हिस्सों में बंट गया।
बस स्टैंड एवं एसबीआइ तिराहे की ओर से गंतव्य को जा रहे लोग रेलवे ट्रैक से होकर गुजरे। कई लोग तो दोपहिया वाहनों को रेलवे लाइन से लेकर निकलते रहे।
नगर निगम के अधिकारियों ने भूतेश्वर पर निकासी कार्य शुरू कराया, लेकिन नए बस स्टैंड पर रेलवे का काम चलने के कारण निकासी कार्य नहीं हो सका। जलभराव के कारण लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ गया। अनेक लोग तो कई किलोमीटर चक्कर लगाकर ही गंतव्य को जा सके।
खबरें और भी
यहां हुआ जलभराव
भूतेश्वर, नए व पुराने बस स्टैंड के अलावा, होली गेट, चौक बाजार, कृष्णा नगर, महोली रोड, बीएसए रोड, कंकाली मंदिर, हाईवे जयगुरुदेव, महोली एवं मंडी चौराहे पर बने अंडरपास के नीचे, चंदनवन, मोती कुंज, हाईवे से पुष्पांजलि उपवन जाने वाले 100 फुटा मार्ग पर कई फीट पानी भर गया। इससे आवागमन प्रभावित रहा।
कई घरों व दुकानों में घुसा पानी
तेज वर्षा के कारण होली गेट क्षेत्र स्थित बाजार में बनी दुकानों में पानी घुस गया। वहीं कृष्णा नगर क्षेत्र की गली एवं घरों में भी पानी घुस गया। इसके कारण लोग निकासी में लगे रहे।
चौक बाजार में डामर की परत उधड़ी
मूसलाधार वर्षा के कारण शहर के चौक बाजार में बनी सड़क की परत उधड़ गई। वर्षा के दौरान सड़क की परत उधड़ने से आवागमन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ गया।