मथुरा में फिजियोथेरेपी छात्र की गला रेतकर हत्या, धौरेरा के जंगल में मिला शव; महिला पर हत्या कराने का शक
मथुरा में संस्कृति विश्वविद्यालय के फिजियोथेरेपी छात्र विपिन का खून से लथपथ शव धौरेरा के जंगल में मिला है, जिसकी गर्दन पर गहरे घाव थे। स्वजन एक महिला ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
फिजियोथेरेपी छात्र विपिन का शव धौरेरा जंगल में मिला।
गर्दन पर धारदार हथियार के गहरे निशान पाए गए।
जागरण संवाददाता, मथुरा। गोवर्धन के नीमगांव निवासी संस्कृति विश्वविद्यालय के बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी के फाइनल ईयर के छात्र का खून से लथपथ शव बुधवार दोपहर ढाई बजे धौरेरा के जंगलों में मिला है। मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार के गहरे निशान मिले हैं। इससे प्रथम दृष्टया मामला बेरहमी से की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक छात्र के गायब होने के बाद स्वजन ने उसकी गुमशुदगी छाता थाने में दर्ज कराई थी।
स्वजन एक महिला पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। गोवर्धन के नीमगांव का रहने वाला विपिन संस्कृति यूनिवर्सिटी में बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी के फाइनल ईयर थे। रोजाना की तरह मंगलवार को वह पढ़ाई के लिए यूनिवर्सिटी गए थे। शाम को वह घर नहीं पहुंचे, तो स्वजन की चिंता बढ़ने लगी। काफी खोजबीन और नाते-रिश्तेदारों से पूछताछ के बाद भी जब विपिन का कोई सुराग नहीं लगा।
अनहोनी की आशंका जताते हुए छाता थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। बुधवार दोपहर ढाई बजे जब कुछ लोग जैंत क्षेत्र के धौरेरा के जंगल की तरफ गए, तो उन्होंने झाड़ियों के बीच एक युवक का शव पड़ा देखा। शव की गर्दन पर चोट के निशान थे। चारों तरफ खून फैला हुआ था। सूचना मिलते ही जैंत पुलिस और पुलिस अधिकारी फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
जांच के दौरान शव की पहचान लापता छात्र विपिन के रूप में हुई। पुलिस छात्र के काल डिटेल्स और यूनिवर्सिटी मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। स्वजन ने छात्र के एक महिला से बातचीत करने की बात कही है।