एक ही कार में दो छात्राओं को खींचकर छेड़छाड़, अपहरण करने की भी कोशिश; मथुरा पुलिस तलाश में जुटी
मथुरा के महावन और बलदेव क्षेत्र में दो दिनों में दो छात्राओं को एक ही कार में जबरन बैठाकर छेड़छाड़, मारपीट और धमकी दी गई। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, मथुरा। महावन और बलदेव क्षेत्र में दो दिन में दो छात्राओं को जबरन कार में बैठाने, मारपीट, गला दबाने, छेड़छाड़, धमकी देने और सामान छीनने की घटना हो गई। दोनों घटनाओं में कार का नंबर एक ही है। दोनों छात्राओं के स्वजन ने महावन और बलदेव थाने में अलग-अलग मुकदमा दर्ज कराया है। वारदात के बाद से लोगों में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने कार नंबर के आधार पर आरोपित की पहचान कर ली है। कार मथुरा की है। सीसीटीवी फुटेज में भी कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। सीओ महावन ने एक टीम लगाकर आरोपित की निगरानी शुरू कराई है। पुलिस आरोपित को रंगेहाथ पकड़ने की तैयारी है।
महावन और बलदेव थाना क्षेत्र में दो दिनों के भीतर एक ही एक्सप्रेसो कार से जुड़ी दो अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों मामलों में पीड़ित युवतियां कालेज से लौट रही थीं। दोनों ने एक ही कार चालक पर जबरन गाड़ी में बैठाने, छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी के आरोप लगाए हैं। पहली घटना मंगलवार को महावन थाना क्षेत्र में हुई है।
आरोप है कि कार चालक ने छात्रा को जबरन अपनी गाड़ी में खींच लिया। उसके साथ छेड़छाड़ की। मारपीट की और विरोध करने पर गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी घटना बुधवार को बलदेव थाना क्षेत्र में हुई। आरोप है कि कालेज से लौट रही छात्रा को कार चालक ने रास्ते में रोककर जबरन गाड़ी में बैठा लिया।
खबरें और भी
उसका मोबाइल और बैग छीन लिया। युवती के विरोध करने पर आरोपित ने स्प्रे छिड़क कर चेहरा खराब करने की धमकी दी। कार में गला दबाने का प्रयास किया। इसके बार आरोपित कार को घूमाते हुए छेड़छाड़ करता रहा। बलदेव चौराहे के समीप छात्रा ने हिम्मत जुटा कर अचानक कार की स्टेयरिंग को घुमा दिया। इससे कार अनियंत्रित हो गई और वह गेट खोलकर बाहर आ गई।
छात्रा के शोर मचाने पर लोग दौड़े तो आरोपित कार लेकर फरार हो गया। इस मामले में भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। दोनों मुकदमों में आरोपित की कार का नंबर एक ही दर्ज है। इससे आशंका जताई जा रही है कि एक ही कार और एक ही आरोपित ने अलग-अलग स्थानों पर छात्राओं को निशाना बनाया है।
पुलिस घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और वाहन चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
श्रीगंगानगर की वारदात से मिलती-जुलती घटना
राजस्थान के श्रीगंगानगर में 18 जून को 13 वर्षीय बालिका को ई-रिक्शा चालक बहला फुसला कर टेंपो में बैठाकर ले गया था। उसने छात्रा को 50 हजार रुपये में एक होटल में बेच दिया।
इसके बाद दिनों तक बच्ची को नशे की हालत में एक होटल से दूसरे होटल शिफ्ट किया गया और कई लोगों ने उसके साथ गलत काम किया। मामला देश भर में सुर्खियों में रहा था। अब मथुरा में एक ही कार नंबर से जुड़ी दो अलग-अलग वारदात सामने आने के बाद लोगों में वही डर और चिंता फिर गहरा गई है।
दोनों घटनाओं के मुकदमे दर्ज हैं। आरोपित को चिन्हित कर लिया है। उसकी निगरानी कराई जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।
-संजीव कुमार राय, सीओ महावन