मुड़िया पूर्णिमा मेला: आठ दिन में 1.75 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई गोवर्धन की परिक्रमा, दिन-रात टूटी नहीं श्रृंखला
गोवर्धन में मुड़िया पूर्णिमा मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 1.75 करोड़ श्रद्धालुओं ने गिरिराज महाराज की परिक्रमा की। जिला प्रशासन द्वारा सुर ...और पढ़ें

मुड़िया मेला के आखिरी दिन गुरुवार को गोवर्धन को उमड़ा जनसैलाब। हर दिन ऐसी ही भीड़ रही।
जागरण संवाददाता, मथुरा। मुड़िया पूर्णिमा मेला शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। 23 से 30 जुलाई तक चले मेले में करीब एक करोड़ 75 लाख श्रद्धालुओं ने गिरिराज महाराज की परिक्रमा कर दर्शन किए। सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के उत्कृष्ट प्रबंधन के कारण श्रद्धालुओं ने बिना किसी अव्यवस्था के आस्था का पर्व संपन्न किया।
विश्व प्रसिद्ध मुड़िया मेले के सफल आयोजन के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन ने पिछले छह महीनों से तैयारियां की थीं। इस दौरान अधिकारियों द्वारा नियमित बैठकें आयोजित की गईं और परिक्रमा मार्ग व मेले से जुड़े क्षेत्रों का कई बार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि 23 जुलाई से 30 जुलाई तक चले इस धार्मिक आयोजन में लगभग एक करोड़ 75 लाख श्रद्धालुओं ने श्री गिरिराज जी महाराज की परिक्रमा कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। एकादशी और सप्ताहांत के अवकाश के दौरान प्रतिदिन लगभग 25-25 लाख श्रद्धालुओं का आगमन हुआ।
भारी भीड़ के बावजूद सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को पूरी तरह नियंत्रित रखा गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 184 महत्वपूर्ण स्थानों की निगरानी के लिए आधुनिक इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम स्थापित किया गया। इसके साथ ही वाच टावर, सीसीटीवी कैमरे और वायरलेस नेटवर्क के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र पर लगातार नजर रखी गई।
खबरें और भी
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बसों का संचालन वनवे प्रणाली से किया गया। निजी वाहनों के लिए निर्धारित दूरी पर पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई। इससे परिक्रमा मार्ग पर यातायात का दबाव नहीं बढ़ा।
स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं के भी व्यापक इंतजाम किए गए। प्रशासनिक तैयारियों के साथ-साथ श्रद्धालुओं ने भी नियमों का पालन करते हुए सहयोग की भावना दिखाई। इससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।