Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मथुरा में परफ्यूम कंपनी के सीईओ की पत्नी पर 49.50 लाख की चोरी का आरोप, जनवरी में किया था प्रेम विवाह

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 08:38 PM (IST)

    परफ्यूम कंपनी के सीईओ ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर घर से 49.50 लाख रुपये के आभूषण, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी करने का आरोप लगाया है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. सीईओ ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर चोरी का आरोप लगाया।

    2. घर से 49.50 लाख रुपये के आभूषण, नकदी गायब।

    3. न्यायालय के आदेश पर सात लोगों पर मुकदमा दर्ज।

    जागरण संवाददाता, मथुरा। गोविंद नगर थाना क्षेत्र में परफ्यूम कंपनी के सीईओ ने अपनी पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पति से विवाद के बाद पत्नी ने मायके वालों की मदद से उनके घर से 49.50 लाख रुपये के आभूषण, नकदी महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब कर दिए। न्यायालय के आदेश पर पीड़ित ने पत्नी समेत सात लोगों के खिलाफ गोविंद नगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

    यह है पूरा मामला

    गोविंद नगर के बिरला मंदिर जयसिंहपुरा मोहन नगर निवासी विवांश वशिष्ठ उर्फ विपुल शर्मा ने बताया कि वह वीआइवीसीओएस कंपनी का संस्थापक और सीईओ है। वर्ष 2024 में वह आगरा में अपने काम के साथ कोटेक महेंद्रा बैंक में भी काम करते थे। यहीं, उनकी मुलाकात आगरा के सिकंदरा बोदला पुष्दीप कालोनी निवासी दीप्ती शर्मा से हुई।

    व्यावसायिक संबंध धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गए। 15 जनवरी 2026 को हिंदू रीति-रिवाज से मथुरा में दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद उन्होंने पत्नी से शादी का रजिस्ट्रेशन कराने को कहा तो वह टालमटोल करती रही।

    आरोप है कि 20 मार्च को दीप्ति मायके चली गई और 21 मार्च को वापस आने की बात कहकर नहीं लौटी। इसके बाद उसने मोबाइल और वाट्सएप संदेशों का जवाब देना भी बंद कर दिया।

    पत्नी के जाने के बाद जब पीड़ित ने घर की जांच की तो उसकी कंपनी के मुख्य सर्वर समेत अन्य सामान गायब मिला। घर में रखी 7.50 लाख रुपये की नकदी और करीब 42 लाख रुपये कीमत के खानदानी आभूषण भी नहीं मिले। इसके अलावा दो एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी गायब बताए गए हैं।

    खबरें और भी

    पुलिस ने नहीं सुना तो पहुंचे कोर्ट

    पीड़ित ने आरोप लगाया कि पत्नी और उसके सहयोगियों ने साजिश के तहत सामान चोरी कर लिया। पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने गोविंद नगर थाने में प्रार्थना-पत्र दिया, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली।

    न्यायालय के आदेश पर पत्नी दीप्ती शर्मा, पिता शिव शंकर शर्मा, मां शीला शर्मा, अश्वनी, पूजा, आयूष और अखिलेश के खिलाफ गोविंद नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। गोविंद नगर थाना प्रभारी अजय वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है।