जोरदार बारिश के बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और संत प्रेमानंद की एकांतिक वार्ता, आध्यात्म से जुड़े विषयों पर हुई चर्चा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मथुरा प्रवास के दौरान वृंदावन में संत प्रेमानंद से मुलाकात की। तेज बारिश और बिजली कटौती के बीच हुई इस मुलाकात में आध्यात् ...और पढ़ें
संवाद सहयोगी, जागरण, वृंदावन। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के मथुरा आगमन के साथ ही मौसम ने भी करवट ले ली थी। तेज धूप के दौर के बीच गुरुवार शाम से वर्षा का जो दौर शुरू हुआ, वह शुक्रवार सुबह तक थमा नहीं है। जोरदार बारिश के बीच राष्ट्रपति शुक्रवार तड़के संत प्रेमानंद के आश्रम पहुंचीं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय प्रवास पर ब्रज में हैं। प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार सुबह उन्होंने संत प्रेमानंद से उनके श्री राधा केली कुंज आश्रम में मुलाकात की। करीब आधे घंटे की मुलाकात में आध्यात्मिक चर्चा हुई। सुबह चार बजे से तेज हवाओं के बीच वर्षा हो रही है। वर्षा के बीच ही राष्ट्रपति संत प्रेमानंद से मिलने पहुंचीं।
इससे पहले गुरुवार रात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जैसे ही इस्कॉन मंदिर के प्रवेशद्वार पर पहुंचीं, तेज वर्षा शुरू हो गई। बारिश के साथ ही बिजली विभाग के दावे भी हवा हो गए। कुछ देर की वर्षा में शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। सड़कों पर अंधेरा छा गया। जब राष्ट्रपति इस्कान मंदिर से दर्शन कर प्रेम मंदिर पहुंचीं तो पूरे रास्ते में अंधेरा था।
राष्ट्रपति मुर्मु गुरुवार शाम होटल रेडिशन पहुंचीं। इसके साथ ही मौसम का मिजाज बदलना शुरू हो गया। जब राष्ट्रपति का काफिला होटल रेडिशन से शाम छह बजकर 25 मिनट पर इस्काॅन मंदिर के लिए निकला और राष्ट्रपति की कार मंदिर के प्रवेशद्वार संख्या एक पर पहुंची तो तेज वर्षा शुरू हो गई। राष्ट्रपति मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंच गईं।
खबरें और भी
वे इस्कान मंदिर में दर्शन कर रहीं थीं कि अचानक पूरे शहर की बिजली गुल हो गई और सड़कों पर अंधेरा छा गया। सड़क पर तैनात पुलिसकर्मी भी अंधेरे में ड्यूटी पर तैनात रहे। बिजली विभाग की कार्यशैली ऐसी कि करीब 25 मिनट तक राष्ट्रपति मुर्मु इस्कान मंदिर में दर्शन करने के बाद प्रेम मंदिर के लिए रवाना हुईं।
लेकिन, बिजली गुल रही और अंधेरी सड़कों से ही राष्ट्रपति का काफिला प्रेम मंदिर तक पहुंचा। प्रेममंदिर में दर्शन करने के बाद जब राष्ट्रपति होटल रेडिशन पहुंच गईं तो रमणरेती क्षेत्र, बिहारीजी मंदिर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। आधा शहर फिर भी अंधेरे में डूबा था।
जब बिजली सप्लाई होने का कारण पूछने के लिए विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कपिल से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।