यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Shri Ram Mandir: ब्रज में उल्लास, कान्हा के जन्मस्थान से रामलला को जाएगा पांच मन लड्डू का भोग, बांकेबिहारी मंदिर से चांदी की बांसुरी
Mathura News In Hindi श्रीकृष्ण जन्मस्थान से रामलला को पांच मन लड्डू का भोग लगेगा। 22 जनवरी को श्रीकृष्ण जन्मस्थान को भव्यता से सजाया जाएगा। खीर और पू ...और पढ़ें

HighLights
- पांच सौ साल बाद विराजमान होंगे रामलला
- 22 जनवरी के लिए ब्रज में उत्साह
जागरण संवाददाता, मथुरा। अयोध्या में अपने मंदिर मेें रामलला 22 जनवरी को विराजमान होंगे। इसकी धूम कान्हा की नगरी में भी मची है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान से रामलला को पांच मन लड्डू का भोग जाएगा तो ठाकुर बांकेबिहारी की ओर से चांदी की बांसुरी और शंख भी उपहार के रूप में सेवायत अयोध्या लेकर जाएंगे। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई हैं।
जन्मस्थान पर होगी सजावट
श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि 22 जनवरी को जन्मस्थान की छटा अनुपम होगी। जन्मस्थान पर दिव्य सजावट होगी। श्रीरामलला के भोग के लिए लड्डू गोपाल की जन्मभूमि से लड्डुओं का भोग अयोध्या धाम जाएगा। लड्डू में मेवा, केसर, ऋतु के अनुकूल सामग्री का प्रयोग किया जाएगा। लड्डू भोग मकर संक्रांति पर 15 जनवरी को सुसज्जित वाहन से भेजा जाएगा। 22 जनवरी को जन्मस्थान पर सुबह खीर, हलवा, पूड़ी प्रसाद वितरण के साथ शुरू होगा।
चांदी की बांसुरी और शंखदान
उधर, ठाकुर बांकेबिहारी की ओर से उनके सेवायत गोपी गोस्वामी आदि रामलला के लिए उपहार स्वरूप चांदी की बांसुरी, चांदी जड़ित शंकर और शंखदान के अलावा रत्न जड़ित मालाएं भी ले जाएंगे। कश्मीर से मंगाई केसर और केसर का इत्र भी रामलला की सेवा के लिए ठाकुर बांकेबिहारीजी की ओर से अयोध्या धाम जाएगा। 22 जनवरी को ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर को भी भव्य तरीके से सजाया जाएगा।
इसके अलावा ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के एक अन्य सेवायत मयंक चांदी की बांसुरी, स्वर्ण खिलौने, चांदी के पात्र, 21 किलो तुलसीदल, केसरयुक्त हलवा, केसरिया माखन-मिश्री, दूधभात भी रामलला को अपनी ओर से अयोध्या में भेंट करेंगे। मयंक का कहना है कि उन्हें अयोध्या आने का आमंत्रण मिला है, वह 22 जनवरी को सामग्री अपने साथ ले जाएंगे।