1500 पुलिसकर्मी, 7 सुपर जोन... जन्माष्टमी और सीएम योगी के आगमन पर मथुरा में विशेष सुरक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 3 सितंबर को मथुरा आगमन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की ...और पढ़ें

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी करते एडीजी एसके भगत (बाएं से दूसरे)। साथ में डीआईजी शैलेश पांडे एवं एसएसपी श्लोक कुमार। फोटो- सौजन्य से पुलिस विभाग
HighLights
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 3 सितंबर को मथुरा आगमन।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर 1500 पुलिसकर्मी तैनात, अभेद्य सुरक्षा।
सुरक्षा व्यवस्था 7 सुपर जोन, 12 जोन, 19 सेक्टर में बंटी।
जागरण संवाददाता, मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर तीन सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा का मजबूत खाका तैयार किया है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए मथुरा के अलावा आगरा, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, वाराणसी, इटावा, हाथरस, मैनपुरी और फिरोजाबाद से पुलिस बल बुलाया गया है।
पूरे सुरक्षा क्षेत्र को सात सुपर जोन, 12 जोन और 19 सेक्टर में बांटकर निगरानी की जाएगी। करीब 1500 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाकर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने की तैयारी है।
तीन सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के प्रमुख आयोजन के बीच मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को कई स्तरों में बांटा है। शहर और कार्यक्रम स्थल के आसपास आने-जाने वाले मार्गों से लेकर संवेदनशील स्थानों तक पुलिस की तैनाती की जाएगी।
आगरा से सहारनपुर तक का पुलिस फोर्स जुटेगा
मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए मथुरा पुलिस के साथ आसपास के कई जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल मंगाया गया है। आगरा, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, वाराणसी, इटावा, हाथरस, मैनपुरी और फिरोजाबाद से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। बाहर से आने वाले फोर्स को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपकर तैनाती की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था का सबसे बड़ा फोकस मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास रहेगा। इसके साथ ही प्रमुख प्रवेश मार्गों, संपर्क मार्गों और भीड़ वाले क्षेत्रों में भी पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी।
सात सुपर जोन में बंटी सुरक्षा व्यवस्था
जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना के चलते वीआईपी सुरक्षा के साथ आम श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जा रही है। करीब 1500 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा ड्यूटी में लगाया गया है। अधिकारी लगातार सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर रहे हैं।
12 जोन और 19 सेक्टर में निगरानी, हर गतिविधि पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
मुख्यमंत्री के आवागमन वाले मार्गों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ भीड़ नियंत्रण के लिए भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर सुरक्षा में चूक न हो, इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां बांट दी गई हैं।
यह भी पढ़ें- Krishna Janmashtami 2026: जन्मभूमि के साथ करें इन मंदिरों के दर्शन, लुभाती हैं कान्हा की लीलाएं
यह रहेगी व्यवस्था
- 07 : एएसपी
- 12 : डीएसपी
- 14 : इंस्पेक्टर
- 80 : उपनिरीक्षक
- 20 : महिला उपनिरीक्षक
- 900 : हेड कॉन्स्टेबल
- 06 : ट्रैफिक इंस्पेक्टर
- 70 : टीएसआई
यह भी पढ़ें- Janmashtami 2026: अफजाल व इकबाल की डिजाइनर पोशाक पहनेंगे कान्हा, वृंदावन के कारीगर बने हिन्दू-मुस्लिम एकता की मिसाल
