अब वृंदावन में होगा सुखद अहसास, प्रवेश करते ही श्रद्धालु पाएंगे बदला रूप; 25 करोड़ रुपये से विकसित होंगी सुविधाएं
नगर निगम ने मथुरा और वृंदावन में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 25 करोड़ रुपये की चार विकास योजनाओं का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इनमें यमुना घाटों पर स् ...और पढ़ें

वृंदावन में यमुना नदी किनारे खड़ी नावें।
HighLights
यमुना घाटों पर बनेंगे स्थायी चेंजिंग रूम, 4 करोड़ का बजट।
वृंदावन में जाम से मिलेगी मुक्ति, नया मार्ग 14 करोड़ से।
जागरण संवाददाता, मथुरा। कान्हा की नगरी में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम ने चार कामों की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजा है। 25 करोड़ रुपये की इस कार्ययोजना में मथुरा व वृंदावन में यमुना नदी के किनारे घाटों पर स्थाई चैंजिंग रूम बनाए जाएंगे। वृंदावन में जाम की समस्या के निदान के लिए प्रियकांतजू मंदिर से हाईवे जाने वाले मार्ग को विकसित किया जाएगा।
इससे ब्रजवासियों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा होगी। वर्ष 2025 में वर्षभर में जिले में देश-विदेश से नौ करोड़ श्रद्धालुओं ने मंदिरों के दर्शन किए। इस वर्ष यह आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए नगर निगम शहरी क्षेत्र में सुविधाएं विकसित कर रही है। नगर निगम ने चार कार्ययोजना तैयार की हैं।
यमुना नदी में महिला श्रद्धालु बड़ी संख्या में स्नान करने के लिए आती हैं। लेकिन, घाटों पर चेंजिंग रूम नहीं हैं। हर वर्ष विशेष आयोजन पर नगर निगम अस्थाई चैंजिंग रूम बनवाता है। अब नगर निगम ने मथुरा व वृंदावन जोन में घाटों के किनारे स्थाई चैंजिंग रूम बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए चार करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की है। इसी तरह वृंदावन में एकमात्र पवनहंस हेलीपैड है।
नगर निगम ने इसे विकसित करने का प्लान तैयार किया है। इस क्षेत्र को आधुनिक एवं सुंदर बनाया जाएगा। इस कार्य पर पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे। यहां सेफहाउस एवं अन्य कार्य कराए जाएंगे। श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पास शौचालय के पीछे भूमि पर दो करोड़ रुपये से क्लाक रूम बनवाया जाएगा। इसके बनने के बाद श्रद्धालुओं को अपना सामान जमा करने में हो रही देरी से मुक्ति मिलेगी।
खबरें और भी
तीसरा बड़ा कार्य जाम से निजात दिलाने का तैयार किया है। मथुरा से वृंदावन जाने के लिए मौजूदा समय हाईवे छटीकरा एवं पागल बाबा मंदिर वाला मार्ग है। लेकिन, नगर निगम अब मथुरा से वृंदावन जाने के लिए तीसरा मार्ग विकसित करने जा रहा है। प्रियकांतजू मंदिर से एक मार्ग निकलता है जो हाईवे पर राजीव एकेडमी पर निकलता है।
ये मार्ग अस्त-व्यस्त है और इसके किनारे से सिंचाई विभाग का नाला गुजर रहा है। नाले को सीसी पाटा जाएगा। इसके बनने से मथुरा से वृंदावन जाने के लिए तीसरा मार्ग तैयार होगा, जिससे वाहनों का दबाव कम होने के साथ ही जाम से श्रद्धालुओं को निजात मिलेगी।
वहीं यह मार्ग राधापुरम एस्टेट से भी मिलता है, इसे भी व्यवस्थित कराया जाएगा। इस कार्य पर 14 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कार्ययोजना शासन को भेज दी है, अनुमति के बाद इस ओर काम कराया जाएगा।
ये है योजना
- 14 करोड़ रुपये से वृंदावन में जाम की समस्या को बनेगा नया मार्ग।
- 05 करोड़ रुपये से वृंदावन में पवन हंस हेलीपैड पर होंगे सुंदरीकरण कार्य।
- 04 करोड़ रुपये से वृंदावन व मथुरा में यमुना घाटों पर बनेंगे चेंजिंग रूम।
- 02 करोड़ रुपये से श्रीकृष्ण जन्मभूमि के बनाया जाएगा क्लाॅक रूम।
श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं विकसित करने की शृंखला में चार प्रमुख कार्य के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। इसमें एक नया मार्ग विकसित करने का है, जिससे वृंदावन में जाम की समस्या दूर होगी। मंजूरी के बाद काम कराए जाएंगे।
-विनोद अग्रवाल, महापौर।