CCSU ने दी बड़ी राहत: छुट्टियों के बीच खोला छात्र सहायता केंद्र, अभिलेख अपलोड न होने के कारण परेशान थे अभ्यर्थी
CCSU: कांवड़ यात्रा की छुट्टियों के बीच सीसीएसयू ने छात्रों के लिए छात्र सहायता केंद्र खोला है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अभिलेख अपलोड करने में ...और पढ़ें

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के छात्र सहायता केंद्र पर पहुंचे विद्यार्थी।
HighLights
कांवड़ यात्रा के कारण शिक्षण संस्थान बंद होने से छात्र परेशान थे।
सैकड़ों छात्रों को तुरंत प्रोविजनल प्रमाण पत्र प्राप्त हुए।
जागरण संवाददाता, मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय यानी सीसीएसयू (CCSU) ने मंगलवार को मेरठ मंडल के सैकड़ों छात्र-छात्राओं के लिए छात्र सहायता केंद्र खोलकर बड़ी राहत दी है। कांवड़ यात्रा के चलते 3 से 12 अगस्त तक सभी स्कूल-कालेज और विश्वविद्यालय बंद रहने के आदेश के बीच प्रतियोगी परीक्षाओं के अभिलेख अपलोड करने से परेशान अभ्यर्थियों के लिए केंद्र का खुलना बड़ी राहत लेकर आया।
केंद्र खुलते ही सुबह से ही सैकड़ों छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय पहुंचे। उन्होंने जरूरी अभिलेख, विशेषकर अपने प्रोविजनल प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया और केंद्र से प्रमाण पत्र प्राप्त भी किए।
छात्रों के समक्ष यह थी समस्या
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित पीजीटी परीक्षा (प्रवक्ता) परीक्षा में क्वालीफाई करने वाले अभ्यर्थियों को आयोग ने 12 अगस्त तक अपने सभी अभिलेख आनलाइन अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर, जिला-प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के कारण तीन अगस्त से 12 अगस्त तक सभी शिक्षण संस्थान व विश्वविद्यालय बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
इस दोहरे आदेश के चलते मेरठ मंडल के सैकड़ों अभ्यर्थी दुविधा में फंस गए थे। उनका भविष्य दांव पर लग गया था, क्योंकि अवकाश के कारण उनके प्रोविजनल प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे थे और बिना दस्तावेज अपलोड किए आयोग की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती।
विश्वविद्यालय ने केंद्र खोलकर दी राहत
छात्रहित को सर्वोपरि मानते हुए सीसीएसयू प्रशासन ने दो दिन के लिए विशेष रूप से विश्वविद्यालय परिसर स्थित छात्र सहायता केंद्र खोलने का निर्णय लिया। इसके तहत सोमवार को पहले दिन करीब 370 छात्र-छात्राओं ने आवेदन कर केंद्र से अपने प्रोविजनल प्रमाण पत्र प्राप्त किए।
खबरें और भी
मंगलवार को भी सुबह 10 बजे से छात्र सहायता केंद्र खोला गया। सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय पहुंच गए। दोपहर 12.30 बजे तक सौ से अधिक छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रोविजनल डिग्री आदि के लिए आवेदन कर दिया और साथ ही साथ प्रमाण पत्र प्राप्त किए। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार छात्र सहायता केंद्र शाम 5 बजे तक खुला रहेगा।
वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसलिए यह विशेष व्यवस्था की गई है। छात्रों ने भी विश्वविद्यालय के इस कदम की सराहना की और राहत की सांस ली।