Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    CCSU में UG-PG और अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश का नया शेड्यूल जारी, एडमिशन के इच्छुक छात्र निर्देशों का रखें ध्यान

    By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Sat, 01 Aug 2026 02:21 PM (IST)

    CCSU Admission Schedule 2026-27: चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश का संशो ...और पढ़ें

    चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय

    चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय 

    HighLights

    1. CCSU ने UG-PG प्रवेश का संशोधित कार्यक्रम जारी किया।

    2. पहली मेरिट लिस्ट के आधार पर होंगे एडमिशन

    जागरण संवाददाता, मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) ने शैक्षिक सत्र 2026-27 में स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए संशोधित प्रवेश कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय परिसर विभागों और संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित सभी यूजी-पीजी, सर्टिफिकेट एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रथम वरीयता (मेरिट) सूची के आधार पर प्रवेश अब 12 से 14 अगस्त तक होंगे।

    यह कार्यक्रम बीपीईएस, एमपीईएस, बीएससी फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स, बीएएलएलबी, बीकामएलएलबी और तीन वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रमों पर लागू नहीं होगा।

    विश्वविद्यालय के अनुसार परिसर विभाग एवं संबद्ध कालेज एक से चार अगस्त तक समर्थ पोर्टल से पंजीकृत अभ्यर्थियों का कार्यक्रमवार डाटा डाउनलोड कर मेरिट तैयार करेंगे। मेरिट बनाते समय वार्ड कोटा, एनसीसी, एनएसएस, सीसीएसयू से स्नातक, संबंधित विषय में यूजी आनर्स सहित सभी निर्धारित वेटेज जोड़े जाएंगे।

    साथ ही आरक्षण के ऊर्ध्वाधर एवं क्षैतिज प्रावधानों और अन्य राज्य कोटे का पालन किया जाएगा। परिसर विभागों और सहायता प्राप्त एवं राजकीय महाविद्यालयों के अनुदानित बीए, बीएससी, बीएससी (एग्रीकल्चर), बीकाम, एमए, एमएससी, एमएससी (एग्रीकल्चर) एवं एमकाम पाठ्यक्रमों में खेल कोटे की पांच प्रतिशत सीटें अलग रखी जाएंगी।

    विश्वविद्यालय परिसर विभाग 12 अगस्त को प्रथम मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश शुल्क जमा करने का शेड्यूल जारी करेंगे, जबकि संबद्ध महाविद्यालय एवं संस्थान इसी दिन चयनित अभ्यर्थियों को एडमिशन आफर भेजेंगे। इसके बाद 12 से 14 अगस्त तक अभिलेखों के सत्यापन के बाद प्रवेश की पुष्टि की जाएगी। विश्वविद्यालय ने सभी विभागों एवं कालेजों को 14 अगस्त तक पात्र अभ्यर्थियों के प्रवेश अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

    खबरें और भी

    विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि महाविद्यालय एवं विभाग मेरिट सूची पोर्टल पर अपलोड नहीं करेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को सीधे समर्थ पोर्टल के 'रिव्यू एंड प्रोसेस' विकल्प के माध्यम से एडमिशन आफर या फीस जमा करने का शेड्यूल जारी किया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया को समझाने के लिए समर्थ पोर्टल पर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) भी उपलब्ध कराई गई है।

    छात्रों के लिए जरूरी निर्देश

    विश्वविद्यालय ने छात्रों से कहा है कि 12 से 14 अगस्त के बीच समर्थ पोर्टल पर अपनी लागिन आइडी एवं पासवर्ड से नियमित लागिन करें। विश्वविद्यालय परिसर विभागों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी यह देखें कि उनके डैशबोर्ड पर प्रवेश शुल्क जमा करने का लिंक उपलब्ध हुआ है या नहीं। लिंक मिलने पर उन्हें सभी शैक्षणिक, आरक्षण एवं अन्य आवश्यक प्रमाणपत्रों के साथ संबंधित विभाग में पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

    केवल संबद्ध महाविद्यालयों में आवेदन करने वाले अभ्यर्थी अपने डैशबोर्ड पर प्राप्त एडमिशन आफर की जांच करें। इच्छित कालेज का आफर स्वीकार करने के बाद पंजीकरण प्रपत्र, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आरक्षण, मूल निवास आदि के स्वप्रमाणित दस्तावेजों एवं मूल प्रमाणपत्रों के साथ संबंधित महाविद्यालय में प्रवेश के लिए संपर्क करना होगा। आफर स्वीकार करने के लिए अभ्यर्थियों के पंजीकृत ई-मेल पर भेजे जाने वाले ओटीपी के माध्यम से सत्यापन भी अनिवार्य रहेगा।

    जिन अभ्यर्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर विभागों और संबद्ध महाविद्यालय दोनों में पंजीकरण कराया है, उन्हें अपने डैशबोर्ड पर उपलब्ध एडमिशन आफर और फीस लिंक का सावधानीपूर्वक अवलोकन कर यह तय करना होगा कि वे विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश लेना चाहते हैं या संबद्ध महाविद्यालय में। चयन के बाद निर्धारित अवधि 12 से 14 अगस्त के भीतर संबंधित संस्थान में सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।