चंद्रशेखर का 'PDA', पूर्व IPS और पूर्व मंत्री समेत 45 को बनाया आसपा का विधानसभा सीट प्रभारी; मेरठ शहर से बदर अली
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए 45 विधानसभा सीटों पर प्रभारियों की पहली सूची जारी की है। इसमें पूर्व आईपीएस आदित्य प्रकाश ...और पढ़ें

सांसद चंद्रशेखर (फाइल फोटो)
HighLights
आजाद समाज पार्टी ने 28 विधानसभा प्रभारियों की सूची जारी की।
मेरठ जिले की सीटों में शहर, कैंट और किठौर से बनाए प्रभारी।
प्रदीप द्विवेदी, मेरठ। प्रदेश में विधानसभा चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने अभी से चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद चंद्रशेखर ने विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारियों की पहली सूची जारी की गई। उक्त नेताओं को संबंधित सीटों पर संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है।
इतनी जल्दी सूची जारी करना पार्टी की उस रणनीति का संकेत है, जिसके तहत वह चुनाव से पहले ही संभावित प्रत्याशियों को जमीन मजबूत करने के लिए मैदान में उतार चुकी है। इसमें सेवानिवृत्त आइपीएस और पूर्व राज्यमंत्री का भी नाम शामिल है। इस सूची में समाजवादी पार्टी के फार्मूले की तरह पिछड़ा, दलित व अल्पसंख्यक (पीडीए) को ही रखा गया है।
45 सीटों वाली इस पहली सूची में पार्टी ने अपनी सामाजिक समीकरण साधने की रणनीति खुलकर दिखाई है। प्रभारी बनाए गए नेताओं में मुस्लिम, ओबीसी, अनुसूचित जाति और सिख समुदाय के प्रतिनिधियों को अच्छी-खासी जगह दी गई है। अनुभव को भी तरजीह दी गई है। अलीगढ़ की छर्रा सीट पर पूर्व मंत्री चौधरी महेंद्र सिंह और हाथरस (सुरक्षित) सीट पर पूर्व आईपीएस अधिकारी आदित्य प्रकाश वर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मेरठ जिले की सीटों में शहर, कैंट और किठौर से बनाए प्रभारी

बदर अली।
वहीं लखीमपुर खीरी की पलिया सीट पर सरदार मनोहर सिंह को प्रभारी बनाकर सिख समुदाय को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। मुस्लिम चेहरों में मेरठ शहर से बदर अली, किठौर से बाबर चौहान खरदौनी, शामली की थानाभवन सीट से मोहम्मद मौसम यादव, फिरोजाबाद से गुलजार खान और बरेली कैंट से एडवोकेट अच्छन अंसारी को शामिल किया गया है।
खबरें और भी

बाबर चौहान खरदौनी
उधर, ओबीसी वर्ग से मेरठ कैंट से संजीव पाल, मुजफ्फरनगर की चरथावल सीट पर चौधरी रनवीर और आगरा की बाह सीट पर सरला सिंह गुर्जर को कमान दी गई है।
कई जिलों को किया कवर
पार्टी ने अपनी पहली सूची में ही प्रदेश के कई अहम जिलों को कवर कर लिया है। इसमें शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, बदायूं, बरेली, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ और इटावा जैसे जिले शामिल हैं। यह भौगोलिक फैलाव बताता है कि पार्टी सिर्फ पश्चिमी यूपी के अपने परंपरागत आधार तक सीमित न रहकर मध्य और अवध क्षेत्र में भी पैठ बनाना चाहती है।
सुरक्षित सीटों पर विशेष नजर
दलित राजनीति के एक प्रमुख दल के तौर पर आजाद समाज पार्टी ने सुरक्षित (एससी) सीटों पर खास ध्यान दिया है। हापुड़, हाथरस, आगरा कैंट, टूंडला, श्रीनगर, हरगांव, मिश्रिख, गोपामऊ और भरथना जैसी सुरक्षित सीटों के लिए प्रभारी घोषित किए गए हैं। लखनऊ कैंट सीट की जिम्मेदारी अनिकेत धानुक को दी गई है।
पूर्व आइपीएस बोले, मानवता और सामाजिक न्याय के लिए लड़ेंगे चुनाव

आदित्य प्रकाश वर्मा
सेवानिवृत्त आइपीएस आदित्य प्रकाश वर्मा को आजाद समाज पार्टी ने हाथरस सुरक्षित सीट से प्रभारी बनाया है। वह इस सीट से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। पूर्व आइपीएस ने कहा कि उन्हाेंने पुलिस की नौकरी के दौरान समाज और न्याय को देखा है। उनकी सोच हमेशा मानवतावादी रही है। इसी सोच से वह राजनीति में आए हैं। वह पहले भी जनता के बीच में रहते थे और अब भी हमेशा उपलब्ध रहेंगे।