Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गंगा के बढ़ते जलस्तर से मेरठ में बिजली का टावर बहा, दो बुरी तरह क्षतिग्रस्त; हस्तिनापुर-चांदपुर मार्ग पर जलभराव 

    By Sanjeev Kumar Jain Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Thu, 30 Jul 2026 06:42 PM (IST)

    Meerut News: पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश से गंगा का जलस्तर बढ़ा, जिससे मेरठ के शेरपुर गांव के पास एक हाईटेंशन विद्युत टावर बह गया और दो क्षतिग्रस् ...और पढ़ें

    मेरठ में शेरपुर गांव के सामने क्षतिग्रस्त हुआ हाईटेंशन विद्युत लाइन का टावर। जागरण

    मेरठ में शेरपुर गांव के सामने क्षतिग्रस्त हुआ हाईटेंशन विद्युत लाइन का टावर। जागरण 

    HighLights

    1. बिजनौर बैराज से छोड़ा गया 1.75 लाख क्यूसेक पानी

    2. हस्तिनापुर-चांदपुर मार्ग पर दो से तीन फीट चढ़ा पानी

    संवाद सूत्र‚ हस्तिनापुर (मेरठ)। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बरसात के चलते गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान की ओर बढ़ने लगा है। गुरुवार सुबह बिजनौर बैराज से एक लाख 75 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किए जाने के बाद गंगा के तटीय इलाकों में तेजी से कटान शुरू हो गया है।

    शेरपुर गांव के पास गंगा के तेज बहाव में दौराला के मटौर से बिजनौर के नहटौर जा रही हाईटेंशन विद्युत लाइन का एक टावर बह गया, जबकि दो अन्य टावर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। तेज कटान के कारण तटबंध में भी कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हुआ है।

    गंगा में उफान आने से हस्तिनापुर-चांदपुर मार्ग पर बिजनौर की ओर पांडव चौकी के पास सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी बह रहा है। हालांकि, प्रशासन द्वारा अभी आवागमन पूर्ण रूप से बंद नहीं किया गया है, लेकिन जलभराव के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लोग जोखिम उठाकर मार्ग पार करने को मजबूर हैं। एसडीएम मवाना संतोष कुमार सिंह का कहना है कि गंगा के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है, लेकिन अभी बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है।

    सिंचाई विभाग ने संभाला मोर्चा, बस्तौरा को जियो ट्यूब से मिला सहारा

    गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गुरुवार को सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश तथा अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार ने लगभग आठ किलोमीटर लंबे तटबंध का निरीक्षण किया। शेरपुर के समीप हो रहे कटान को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षात्मक कदम उठाते हुए मिट्टी से भरे कट्टे लगाए गए हैं। बस्तौरा गांव को कटान की जद में आने से बचाने के लिए जियो ट्यूब लगाकर नदी के कटान को रोका गया है।

    खबरें और भी

    वैकल्पिक व्यवस्था से बहाल रहेगी बिजली आपूर्ति

    मेरठ के मटौर स्थित 765 केवीए विद्युत स्टेशन से एक हाईटेंशन लाइन बिजनौर के नहटौर स्थित 220 केवी विद्युत स्टेशन के लिए जा रही है। यह लाइन हस्तिनापुर क्षेत्र में गंगा को शेरपुर गांव के समीप पार करती है।

    नहटौर ट्रांसमिशन के अवर अभियंता रोहित तोमर ने बताया कि मटौर स्थित 765 केवीए स्टेशन से नहटौर 220 केवी स्टेशन जा रही लाइन का एक टावर बहने से नहटौर, हलदौर और बसावतपुर सहित नौ बिजलीघरों से जुड़ी आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। अमरोहा व बिजनौर के अन्य स्टेशनों से वैकल्पिक व्यवस्था कर बिजली आपूर्ति सुचारू रखी गई है।