कांवड़ यात्रा: कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करने मेरठ आ सकते हैं सीएम, स्पेशल प्लान तैयार करने में जुटा जिला प्रशासन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 या 8 अगस्त को मेरठ में कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा करने आ सकते हैं। प्रशासनिक अधिकारी उनकी संभावित यात्रा और कांवड़ मा ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
मुख्यमंत्री योगी 7 या 8 अगस्त को मेरठ आ सकते हैं
कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा करने का कार्यक्रम संभावित है
प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों में जुटे, मार्गों का निरीक्षण जारी
जागरण संवाददाता, मेरठ। कांवड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा करके स्वागत करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रत्येक वर्ष मेरठ और आसपास के जनपदों में आते हैं। इस बार उनके सात या आठ अगस्त को मेरठ आने की संभावना है। इसी के मद्देनजर पुलिस प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। प्रशासन और पुलिस दोनों विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटियां निर्धारित की जा रही हैं।
वहीं कांवड़ यात्रियों की संख्या को बढ़ते देख उन्हें सुरक्षित रूप से जनपद की सीमा से गुजारने के लिए कमिश्नर,डीएम, डीआईजी और एसएसपी समेत सभी प्रमुख अधिकारी विभिन्न कांवड़ मार्गों पर घूमकर व्यवस्थाएं देखते रहे।
तेजी से बढ़ रही कांवड़ियों की संख्या, जनपद से सुरक्षित गुजारने में जुटे अधिकारी
मुख्यमंत्री ने पिछले साल मोदीपुरम में दुल्हैड़ा चुंगी पर विशाल मंच से कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा करके उनका स्वागत किया था। इस बार भी उसी स्थान पर अथवा उसके आसपास ही मंच सजाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी उनके मेरठ के कार्यक्रम की योजना बनाने में जुटे हैं।जिला प्रशासन और पुलिस विभाग इस कार्यक्रम के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाने में जुट गया है।
जिलाधिकारी डॉक्टर वी के सिंह ने बताया कि अभी मुख्यमंत्री का कार्यक्रम नहीं मिला है। लेकिन इन तिथियों को संभावित मानकर तैयारियां की जा रही हैं।
दिनभर कांवड़ मार्गों पर घूमते रहे कमिश्नर, डीआईजी, डीएम और एसएसपी
सोमवार को कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर कांवड़ सेवा शिविरों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को देखा।शिविर संचालकों से कांवड़ यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। कमिश्नर ने इस दौरान व्यवस्थाओं में जुटे अधिकारियों को सतर्कता से ड्यूटी करने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें- मेरठ: 12 फीट से ऊंचे DJ वाली डाक कांवड़ पर पुलिस की कार्रवाई, हरिद्वार-अलीगढ़ आ रहे ट्रक से उतरवाए बॉक्स
यह भी पढ़ें- स्कूलों की छुट्टी: मेरठ में 12 अगस्त तक सभी विद्यालय-कॉलेज बंद, कांवड़ यात्रा के चलते डीएम का आदेश
डीआईजी ने कांवड़ पटरी मार्ग पर तैनात पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को कंवड़ यात्रियों की मुस्तैदी से सुरक्षा करने तथा यातायात को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया।दोनों अधिकारियों ने कांवड़ पटरी मार्ग पर गाजियाबाद की सीमा पर निवाड़ी बार्डर तक निरीक्षण किया।उनके साथ एडीएम प्रशासन विजय वर्द्धन तोमर रहे।
खबरें और भी
डीएम और एसएसपी ने देखा कांवड़ मार्ग
डीएम डॉ. वी के सिंह और एसएसपी अविनाश पांडेय ने सोमवार को कांवड़ मार्ग पर राजवाहा के रार्धना पुल, पाली, कालिंदी, धनवाली, खेड़ा तक राजवाहा पटरी का निरीक्षण किया।उन्होंने कांवड़ शिविरों का निरीक्षण किया और संचालकों को दिशा निर्देश दिए।इस दौरान उनके साथ सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद, एसडीएम सरधना उदित नारायण सेंगर, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह रहे।