सुरक्षा या खतरा? मेरठ में कांवड़ मार्ग पर NHAI के लोहे के पाइपों ने बढ़ाई लोगों चिंता, बरसात में सता रहा करंट का डर
Kanwar Yatra 2026: मेरठ में कांवड़ यात्रा मार्ग पर NHAI द्वारा लगाए गए लोहे के पाइपों की बैरिकेडिंग को लेकर स्थानीय लोगों ने सुरक्षा चिंता जताई है। ...और पढ़ें

मेरठ में हाईवे पर ए टू जेड कॉलोनी के सामने कट पर लगी लोहे की बैरिकेटिंग।
HighLights
कांवड़ यात्रा मार्ग पर की गई बैरिकेडिंग।
एनएचएआई ने जांच का दिया भरोसा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर कांवड़ यात्रा मार्ग में परतापुर तिराहे से लेकर दौराला क्षेत्र के दादरी तक कटों पर लोहे के पाइप गाड़कर बैरिकेडिंग की गई है, जबकि नगर निगम ने भी कई स्थानों पर बल्लियों के बैरिकेड लगाए हैं। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने बरसात के दौरान पाइपों में करंट उतरने और तेज धूप में इनके अत्यधिक गर्म होने की आशंका जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
एनएचएआई ने कराई लोहे के पाइप गाड़कर बैरिकेडिंग
दिल्ली-देहरादून हाईवे पर कांवड़ यात्रा के मद्देनजर परतापुर तिराहे से मेरठ की सीमा दौराला क्षेत्र के दादरी तक सभी कटों पर एनएचएआई की ओर से लोहे के पाइप गाड़कर बैरिकेडिंग की गई है। दूसरी ओर नगर निगम ने भी कई स्थानों पर बैरिकेड लगाए हैं, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनी रहे। नगर निगम की बैरीकेट बल्लियों से लगाई गई है।
स्थानीय लोगों ने जताई चिंता
हाईवे किनारे स्थित अक्षरधाम कॉलोनी निवासी डॉ आएस सेंगर, रवि चौधरी, अंसल टाउन आरडब्ल्यूए अध्यक्ष मोनिका पुंडीर, अंसल कोर्टयार्ड आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अजीत कुमार, पल्लवपुरम निवासी राजेश कांत जैन समेत अन्य कॉलोनियों के लोगों ने इस व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।
उनका कहना है कि बरसात के मौसम में यदि किसी कारण बरसात में लोहे के पाइपों की बैरिकेटिंग में करंट उतर गया तो कट से पैदल गुजरने वाले लोगों, कांवड़ियों और आसपास खड़े स्थानीय नागरिकों के लिए खतरा पैदा हो सकता है। वहीं तेज धूप के दौरान पाइप अत्यधिक गर्म होने से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
खबरें और भी
पूरे मामले की जांच होगी
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और एनएचएआई से सुरक्षा की दृष्टि से पूरे इंतजामों की दोबारा समीक्षा कराने तथा आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की मांग की है। इस संबंध में एनएचएआई के पीडी साकेत मिश्रा का कहना है कि हाईवे पर जिन स्थानों पर लोहे के पाइप लगाकर बैरिकेडिंग की गई है, वहां बिजली के पोल नहीं हैं। इसके बावजूद लोगों की आशंका को देखते हुए पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि वलीदपुर और सकौती क्षेत्र में कांवड़ियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था भी कराई गई है।