जमीन के विवाद में की छोटे भाई की हत्या, साक्ष्य मिटाने के लिए शव सेंक्चुरी क्षेत्र में दबाया
मवाना के महमदपुर सिखेड़ा गांव में जमीन विवाद को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी। आरोपी कपिल ने पुलिस पूछताछ में हत्या कबूल कर शव को सेंक्चुरी ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
जमीन विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या की।
कपिल ने हत्या कबूल कर शव दबाने की बात बताई।
पुलिस टीम सेंक्चुरी क्षेत्र में शव की तलाश कर रही है।
जागरण संवाददाता, मवाना (मेरठ)। थाना क्षेत्र के गांव महमदपुर सिखेड़ा में जमीन को विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हिरासत में लिए आरोपित बड़े भाई ने पुलिस पूछताछ में छोटे भाई अंकुल की हत्या करने की बात कबूल की है। शव को सेंक्चुरी क्षेत्र में दबाने की जानकारी दी है। पुलिस शव बरामदगी के लिए जुटी है। मामले की जानकारी सीओ भी मौके पर पहुंचे। घटना चार से पांच दिन पुरानी बताई गई है।
अंकुल तीन भाइयों में दूसरे नंबर का है। वह करीब पांच दिन से गायब था। अंकुल की मौसी ने बहसूमा थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मामले में संदेह होने पर पुलिस ने बड़े भाई कपिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपित कपिल ने पुलिस को बताया कि उसने अंकुल की हत्या कर शव को सेंक्चुरी क्षेत्र में दबा दिया है।
पुलिस टीम थाना प्रभारी के नेतृत्व में मौके पर पहुंचकर बताए गए स्थान पर खोदाई कर शव की तलाश में जुटी हुई है। वहीं सीओ पंकज लवानिया भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद गांव में सनसनी का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में लगी हुई है।