कार चला रहे युवक सहित हादसे में तीन दोस्तों की गई थी जान, इनमें से एक के स्वजन ने दूसरे मृतक पर दर्ज करा दिया मुकदमा
Meerut News: मेरठ में पीड़ित स्वजन ने सड़क हादसे में मृत कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
मेरठ में सात जुलाई की सुबह खाई में पलटी थी कार।
22 जुलाई को एक मृतक में भाई ने दर्ज कराया मुकदमा।
जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। सात जुलाई की तड़के कार चला रहे युवक सहित हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई थी। चौथा घायल हुआ था। हादसे के दो सप्ताह बाद एक मृतक के स्वजन ने दूसरे मृतक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।
दिल्ली के करावल नगर निवासी मिथुन चौहान, नितेश शर्मा और आशुतोष मिश्रा अपने दोस्त दिल्ली में दयालपुर निवासी शैलेंद्र शर्मा के साथ कार में सवार होकर हरिद्वार के लिए चले थे। सात जुलाई की तड़के करीब चार बजे दिल्ली की ओर जाते हुए कार दौराला क्षेत्र में दादरी गांव पार करते ही सकौती फ्लाईओवर के पास जैसे ही पहुंची, तभी डिवाइडर से टकरा गई और उसका टायर फट गया।
जिसके बाद कार खाई में पहुंचकर पेड़ से टकराई। कार के परखच्चे उड़ गए थे। कार में सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को हास्पिटल पहुंचाया, जहां मिथुन चौहान को छोड़, बाकी तीनों दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई थी। घायल मिथुन का फ्यूचर प्लस हास्पिटल में उपचार हुआ था।
पुलिस के अनुसार मृतक नितेश शर्मा के छोटा भाई तरुण कुमार शर्मा ने 22 जुलाई को दौराला थाने पहुंचकर कार चालक मृतक आशुतोष मिश्रा के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। जिसमें बताया कि सात जुलाई को जब उसने अपने भाई काल की, तब तरुण कुमार शर्मा ने सुना कि कार चालक आशुतोष मिश्रा सावधानीपूर्वक कार नहीं चला रहा है।
खबरें और भी
उसके बाद भी उसने कार तेज चलाई, जिससे कार डिवाइडर से टकराकर उसका टायर फटा, फिर कई पलटी के बाद वह खाई में पलट गई। जिसमें आशुतोष मिश्रा, नितेश शर्मा व शैलेंद्र की मौत हो गई थी। इस प्रकरण में दौराला इंस्पेक्टर सुमन कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने पीड़ित स्वजन को काफी समझाया, मगर बीमा पॉलिसी का फायदा लेने का हवाला देते हुए उन्होंने मुकदमा दर्ज कराया। दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल, वाहन की तकनीकी रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।