मेरठ में 'सिरफिरे' ने छात्रा के माथे पर मारी गोलियां, फिर खुद सीने में गोली मारकर दे दी जान; युवती की हालत गंभीर
Meerut News: मेरठ में एक युवक ने छात्रा को गोलियां मारने के बाद फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। छात्रा गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भ ...और पढ़ें

मेरठ में मौके पर मौजूद पुलिस।
HighLights
ट्यूशन से लौट रही छात्रा को डिफेंस एन्क्लेव के जोनल पार्क पर बुलाकर की वारदात।
हथियार तस्करी में जा चुका था जेल, इसके बाद छात्रा ने तोड़ दिया था संपर्क।
जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की डिफेंस एंक्लेव कालोनी में जोनल पार्क के पास बुधवार को सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। यहां एक युवक ने एक छात्रा के माथे पर पिस्तौल से गोलियां मार दीं। इसके बाद युवक ने खुद के सीने में भी दो गोलियां दाग लीं। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती को पहले कैलाशी अस्पताल ले जाया गया। हालत चिंताजनक होने पर उसे सुभारती अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। छात्रा के पेट, गले व सिर में तीन गोलियां फंस गईं। बताया जा रहा है कि आदित्य प्रधान का पिछले चार साल से छात्रा से प्रेम प्रसंग था।
कंकरखेड़ा के शिवलोकपुरी के आदित्य प्रधान ने साकेत आइटीआइ से इलेक्ट्रिकल की पढ़ाई की थी। पढ़ाई के साथ-साथ वह हथियार तस्करी के धंधे से भी जुड़ गया था। उसने लिसाड़ीगेट के सावेज उर्फ शेरा से हथियार खरीदकर अनिल बंजी और लारेंस विश्नोई के गिरोह को भी हथियार की सप्लाई की थी।
पिछले वर्ष सरूरपुर पुलिस ने आदित्य प्रधान को उसके साथी सावेज के साथ जेल भेजा था। वह 13 जून को जेल से छूटा था। कोरोना के समय आदित्य और न्यू गोविंदपुरी निवासी छात्रा की इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। आदित्य के जेल से आने के बाद छात्रा ने आदित्य से संपर्क तोड़ लिया था।

बाइक से पहुंचा था आदित्य, स्कूटी से आई थी छात्रा
पुलिस के अनुसार बुधवार शाम को छात्रा ट्यूशन पढ़कर स्कूटी से लौट रही थी। आदित्य प्रधान ने बाइक आगे लगाकर रास्ता रोक लिया और अंतिम बार मुलाकात करने का अनुरोध किया। आदित्य के झांसे में आकर छात्रा उसके साथ डिफेंस एन्क्लेव के जोनल पार्क में चली गई। वहां आदित्य ने पहले छात्रा के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। मना करने पर उसने पिस्टल निकालकर पेट, छाती और सिर में तीन गोलियां मार दी।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- 'तेरी आंखों में आंसू नहीं देख सकता...' इंस्टाग्राम पर ऐसा वीडियो बनाने वाले हिस्ट्रीशीटर की लव स्टोरी का खौफनाक अंत
खून से लथपथ छात्रा जमीन पर गिर गई। इसके बाद आदित्य ने दूसरी पिस्टल निकाली और अपने सीने पर रखकर दो गोली चला दी। पार्क में आदित्य का दोस्त रोहित मौजूद था। घटना के बाद उसने परिवार के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
एसपी सिटी विनायक भोसले और एसएसपी अविनाश पांडेय मौके पर पहुंचे। छात्रा को कैलाशी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सुभारती मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया। छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आदित्य के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसएसपी ने बताया कि मौके से दो पिस्टल बरामद हुई हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी मिल गया है। आदित्य के दादा चतरपाल यूपी पुलिस में दारोगा से सेवानिवृत्त हुए थे।