Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मेरठ में सजेगा प्रदेश का सब-जूनियर बास्केटबाल महाकुंभ, राज्य चैंपियनशिप चार अगस्त से

    By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Mon, 03 Aug 2026 02:06 PM (IST)

    मेरठ में 4 से 9 अगस्त तक 30वीं उत्तर प्रदेश राज्य सब-जूनियर बास्केटबाल चैंपियनशिप का आयोजन होगा। इसमें प्रदेशभर से 23 बालक और 18 बालिका टीमें हिस्सा ल ...और पढ़ें

    मेरठ पब्लिक स्कूल मेन विंग में 30वें उत्तर प्रदेश राज्य सब जूनियर बास्केटबाल चैंपियनशिप की जानकारी देते आयोजक। जागरण

    मेरठ पब्लिक स्कूल मेन विंग में 30वें उत्तर प्रदेश राज्य सब जूनियर बास्केटबाल चैंपियनशिप की जानकारी देते आयोजक। जागरण

    HighLights

    1. मेरठ में आगामी 4-9 अगस्त तक राज्य सब-जूनियर चैंपियनशिप।

    2. चैंपियनशिप में 23 बालक, 18 बालिका टीमें; 500 खिलाड़ी होंगे।

    3. एमपीएस में फ्लडलाइटयुक्त सिंथेटिक कोर्ट पर होंगे मुकाबले।

    जागरण संवाददाता, मेरठ। प्रदेश के उभरते बास्केटबाल खिलाड़ियों के लिए मेरठ चार से नौ अगस्त तक बड़ा मंच बनने जा रहा है। मेरठ पब्लिक स्कूल (एमपीएस) ग्रुप में 30वीं उत्तर प्रदेश राज्य सब-जूनियर (अंडर-14) बास्केटबाल चैंपियनशिप का आयोजन होगा। मेरठ बास्केटबाल एसोसिएशन और उत्तर प्रदेश बास्केटबाल एसोसिएशन (यूपीबीए) की ओर से आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 23 बालक और 18 बालिका टीमें प्रतिभाग करेंगी।

    चैंपियनशिप में करीब 500 खिलाड़ी, 50 कोच और मैनेजर, 25 यूपीबीए रेफरी और बास्केटबाल फेडरेशन के रेफरी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता लीग-कम-नाकआउट प्रारूप में खेली जाएगी। लीग चरण के बाद नाकआउट मुकाबले होंगे और नौ अगस्त को सेमीफाइनल व फाइनल मैच खेले जाएंगे।

    नव-निर्मित फ्लडलाइटयुक्त सिंथेटिक बास्केटबाल कोर्ट पर होंगे मुकाबले
    एमपीएस मेन विंग में सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि प्रतियोगिता के सभी मुकाबले एमपीएस परिसर में नव-निर्मित फ्लडलाइटयुक्त सिंथेटिक बास्केटबाल कोर्ट पर होंगे। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए तीन कोर्ट तैयार किए गए हैं। मैच प्रतिदिन सुबह छह से नौ बजे और शाम पांच से रात नौ बजे तक खेले जाएंगे।

    टूर्नामेंट के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डा. राजीव अग्रवाल और संजय गुप्ता होंगे, जबकि क्षेत्रीय खेल अधिकारी जितेंद्र यादव भी समारोह में मौजूद रहेंगे। जिला बास्केटबाल संघ के सचिव मिर्जा शाहबाज बैग ने कहा कि आयोजन को सफल बनाने में मेरठ पब्लिक स्कूल ग्रुप के डायरेक्टर व जिला बास्केटबाल एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट विक्रमजीत शास्त्री और एमपीएस परिवार विशेष सहयोग दे रहे हैं। खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन और चिकित्सा सहित सभी आवश्यक सुविधाएं विद्यालय की ओर से उपलब्ध कराई गई हैं।

    खबरें और भी

    आयोजन की तैयारियों में एमपीएस की प्रधानाचार्या अलका श्रीवास्तव, एमपीजीएस की प्रधानाचार्या रचना शर्मा और दोनों विद्यालयों के खेल विभाग सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। जिला बास्केटबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष सौरभ जैन, संजय सिरोही, असलम, अंकुर पंवार, भगवान सिंह, अनुवीर सिंह, अंतरराष्ट्रीय कोच अमरजीत सिंह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हरिंदर सिंह, एमपीएस स्पोर्ट्स विभाग के अनुराग, बेनेडिक्ट जॉन, मनीष सिंह और एमपीजीएस की एचओडी स्पोर्ट्स रीमा त्यागी भी आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।

    जिला बास्केटबाल एसोसिएशन के सचिव मिर्जा शहबाज बेग ने बताया कि सभी पदाधिकारी और स्वयंसेवक कई दिनों से तैयारियों में लगे हैं। उनका उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि यह चैंपियनशिप मेरठ ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के बास्केटबाल के लिए यादगार साबित हो।