Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आसमान में ड्रोन, जमीन पर खौफ के दो घंटे; गन्ने के खेत में बंधक बनाने के बाद साहसी छात्रा के आगे गिड़गिड़ाने लगा आरोपित

    By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Fri, 31 Jul 2026 01:39 PM (IST)

    मेरठ में स्कूल जा रही नौवीं की छात्रा को एक युवक ने गन्ने के खेत में खींचकर दो घंटे तक बंधक बनाए रखा। अपहरण का शोर मचने पर तीन थानों की पुलिस के साथ ए ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक फोटो और तलाश में उड़ता ड्रोन।

    प्रतीकात्मक फोटो और तलाश में उड़ता ड्रोन।

    HighLights

    1. मेरठ में स्कूल जा रही छात्रा को गन्ने के खेत में खींचा।

    2. आरोपित ने खेत में दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा।

    जागरण संवाददाता, मेरठ। साइकिल से स्कूल जा रही कक्षा नौ की 14 वर्षीय छात्रा को एक युवक ने खेत में खींच लिया और दो घंटे तक कब्जे में रखा। पता चलते ही विद्यालय से शिक्षक व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्कूल की छुट्टी कर दी गई। अपहरण का हल्ला मचा तो पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। तीन थानों की पुलिस के साथ एसपी सिटी भी पहुंच गए।

    पुलिस के साथ ही ग्रामीण व शिक्षक गन्ने के खेतों में छात्रा की तलाश में जुट गए। ड्रोन से भी कांबिंग की गई। करीब दो घंटे बाद कीचड़ में सनी छात्रा खेत से खुद ही बाहर आ गई। आरोपित युवक भागने में सफल रहा।

    काजमाबाद गून निवासी अनुसूचित जाति की छात्रा मोहिउद्दीनपुर-गेझा मार्ग पर जनता इंटर कालेज में कक्षा नौ में पढ़ती है। गुरुवार सुबह करीब नौ बजे वह साइकिल से स्कूल जा रही थी। स्कूल से तीन सौ मीटर पहले गांव निवासी गौरव खेत में चारा काट रहा था। उसने सड़क पर आकर छात्रा से चारे की गठरी उठवाने में मदद करने के लिए कहा।

    स्टैंड न होने के कारण छात्रा ने साइकिल सड़क किनारे गिरा दी और बैग वहीं रखकर खेत में पहुंच गई। तभी युवक छात्रा का मुंह दबाकर उसे खींचकर गन्ने के खेत में ले गया। छात्रा के पीछे चल रही सहेलियां स्कूल पहुंचीं और छात्रा की साइकिल व बैग पड़ा होने की जानकारी शिक्षकों को दी। कई शिक्षक मौके पर पहुंच गए।

    खबरें और भी

    आसपास के ग्रामीण भी आ गए। साढ़े नौ बजे पुलिस को छात्रा के अपहरण की सूचना दी गई। वहां पहुंची तीन थानों की पुलिस ने खेतों में छात्रा की तलाश शुरू की। एसपी सिटी विनायक भोसले ने ड्रोन उड़ाकर कांबिंग कराई। वह पुलिस के साथ गन्ने के खेतों में घुसे और तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली।

    करीब 11 बजे छात्रा खेत से खुद ही बाहर आ गई। छात्रा को लेकर पुलिस परतापुर थाने पहुंची और पूछताछ के बाद स्वजन के सिपुर्द कर दिया। छात्रा ने बताया कि शोर मचने पर आरोपित उसे एक से दूसरे खेत में खींचकर ले जाता रहा। आरोपित कह रहा था कि यदि शोर मचाया तो सड़क पर मौजूद लोग उसे मार डालेंगे। बाद में खुद को घिरा देख उसे छोड़कर भाग गया। गौरव के खिलाफ अपहरण और पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।

    आरोपित हाथ जोड़कर छात्रा से मांगने लगा मदद 

    छात्रा ने दो घंटे तक गन्ने के खेत में आरोपित के कब्जे में रहते हुए साहस नहीं छोड़ा। उसने हिम्मत दिखाते हुए आरोपित से मुकाबला किया। छात्रा ने बताया कि आरोपित ने उसे हाथ पकड़कर गन्ने के खेत में खींच लिया। उसने एक हाथ से उसके दोनों हाथ पकड़ लिए और दूसरे हाथ से मुंह दबा दिया। इस कारण वह पुलिस और भीड़ की आवाज सुनने के बावजूद शोर नहीं मचा पाई। आरोपित ने जान से मारने की धमकी भी दी, जब पुलिस और भीड़ ने गन्ने के खेत में कांबिंग की, तब आरोपित उसे गन्ने के खेत में अंदर खींचता रहा।

    अंदर ही अंदर कई खेत पार कर दिए। लगभग एक घंटे बाद, आरोपित ने हाथ जोड़कर मदद मांगने लगा। उसने कहा कि शोर मचाने पर भीड़ उसे जिंदा नहीं छोड़ेगी और भरोसा दिलाया कि वह उसे सुरक्षित छोड़ देगा। इसके बाद, उसने छात्रा को गन्ने के खेत से बाहर छोड़ दिया और खुद अंदर भाग गया। छात्रा ने कहा कि वह पहले से गौरव को नहीं जानती थी।

    आरोपित के चंगुल से छूटने के बाद छात्रा ने बेबाकी से पुलिस के सवालों के जवाब दिए। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि आरोपित को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगाई गईं हैं। छात्रा ने एसपी सिटी को बताया कि वह कराटे सीखकर आत्मनिर्भर बनेगी। यदि उसे कराटे आते, तो वह आरोपित को गन्ने के खेत में ही परास्त कर बाहर निकल जाती।

    छात्रा के अगवा होने पर मदद को आ गए थे कई गांव के लोग

    छात्रा के अगवा होने की खबर सुनकर काजमाबाद गुन और गेझा गांव के लोग बड़ी संख्या में मदद को पहुंच गए थे। पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलकर गन्ने के खेत में कांबिंग को उतर गए थे। ग्रामीणों के कांबिंग करने के डर से ही आरोपित गौरव करीब दो घंटे बाद छात्रा को सकुशल छोड़ भागा।