मेरठ में घर से सामान लेने निकले थे व्यापारी, 25 मिनट बाद मिली मौत की खबर; ई-रिक्शा चालक ने नाले किनारे फेंका शव
Meerut News: मेरठ में एसपी सिटी कार्यालय से 500 मीटर दूर बागपत गेट के पास एक नाले से सब्जी आढ़ती का शव मिला। शव ई-रिक्शा चालक ने फेंका था। पुलिस सीसीट ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
सीसीटीवी फुटेज में ई-रिक्शा का नंबर स्पष्ट नहीं हो पा रहा।
पुलिस ई-रिक्शा चालक की तलाश में जुटी, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। एसपी सिटी आफिस से पांच सौ मीटर की दूरी पर बागपत गेट के समीप नाले के किनारे ई-रिक्शा चालक ने सब्जी व्यापारी का शव फेंक दिया। आसपास के लोगों ने शव को देखते ही पुलिस को सूचना दी। शरीर गर्म होने की वजह से पुलिस अस्पताल में ले गई, डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आस मोहम्मद घर से बिजली का सामान लेने के लिए बाजार गया था। आस मोहम्मद घर से करीब 25 मिनट पहले ही निकला था।
ब्रह्मपुरी के तारापुरी निवासी 50 वर्षीय आस मोहम्मद उर्फ बबलू नवीन मंडी में सब्जी आढ़ती का काम करते थे। सुबह करीब 11 बजे आढ़त पर सब्जी बेचने के बाद घर लौटे थे। उसके बाद आस मोहम्मद अपने बेटे फैजान और फरहान की स्कूल में फीस जमा करके घर लौटे। स्कूल से लौटने के बाद दोपहर को करीब साढ़े 12 बजे आस मोहम्मद बिजली के उपकरण लेने के लिए घर से बाजार में निकल गए।
करीब 25 मिनट बाद ही आस मोहम्मद का शव देहलीगेट थाने के बागपत गेट के समीप नाले के किनारे पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने शव को देखकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। तत्काल ही सीओ संग्राम सिंह और थाना प्रभारी अतुल कुमार मौके पर पहुंचे। आस मोहम्मद का शरीर गर्म होने की वजह से तत्काल उठाकर जिला अस्पताल ले गए, जहां पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
आस मोहम्मद के मोबाइल से परिवार को काल की गई, सूचना के बाद परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए। आस मोहम्मद के शरीर पर कोई चोट के निशान तक नहीं थे। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी देखे। पता चला कि ई-रिक्शा चालक ही आस मोहम्मद के शव को नाले के किनारे दीवार के पास फेंक कर चला गया।
खबरें और भी
पुलिस ने सीसीटीवी से ई-रिक्शा का पीछा किया। ई-रिक्शा तारापुरी से भूमियापुल पर पहुंचा। यहां से ब्रह्मपुरी थाने के सामने से होते हुए नाले की पटरी पर पहुंचा। यहां शव फेंकने के बाद वापस लौट गया। फुटेज में ई-रिक्शा का नंबर स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। परिवार के लोगों ने भी आस मोहम्मद की किसी से रंजिशन होने से इन्कार किया है।
इन्होंने कहा
सब्जी आढ़ती आस मोहम्मद के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की दो टीमें लगाकर ई-रिक्शा के चालक को ढूंढा जा रहा है। एक टीम ई-रिक्शा के आने वाले रास्ते और दूसरी टीम शव फेंक कर जाने वाले रास्ते पर पर लगाई गई है। पुलिस जल्द ही ई-रिक्शा चालक को ढूंढकर पूरे मामले का पर्दाफाश करेगी।
-विनायक भोसले, एसपी सिटी