मेरठ में महिला की संदिग्ध मौत, पति और बेटा हिरासत में; अन्य मामले में घर में मिला युवक का शव
Meerut News: मेरठ के टीपीनगर में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाकर शव कब्जे में लेकर पति व बेटे को हिरासत मे ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
शिवपुरम में 50 वर्षीय महिला की हुई संदिग्ध मौत।
देवलोक कॉलोनी में मिला युवक का शव।
जागरण संवाददाता, मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र के शिवपुरम में सोमवार सुबह 50 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के स्वजन ने हत्या कर शव का अंतिम संस्कार कर साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने श्मशान घाट पहुंचकर अंतिम संस्कार रुकवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मृतका के पति और बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य मामले में देवलोक काॅलोनी में युवक की शव घर के अंदर मिला।
शिवपुरम निवासी विमलेश (50) पत्नी सुरेश की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। स्वजन शव को नई बस्ती स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के लिए ले गए थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि महिला की गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई है और अब गुपचुप अंतिम संस्कार किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही टीपीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चिता पर रखे जाने से पहले ही शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल और मृतका के घर से साक्ष्य जुटाए जा रहे है। घर को भी सील कर दिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना भी मौके पर पहुंचीं और घटना की जानकारी की। पुलिस ने मृतका के पति सुरेश पुत्र राज सिंह और बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हत्या की पुष्टि होती है तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- 30 रुपये के विवाद में ई-रिक्शा चालक की चाकू घाेंपकर हत्या, वारदात के बाद आरोपित फरार; सहारनपुर में सनसनी
घर के अंदर मिला युवक का शव, परिवार ने हत्या की आशंका जाहिर की
मेरठ : देवलोक कालोनी में युवक की शव घर के अंदर मिला है। रविवार की शाम को युवक अपने दोस्तों के संग बाहर घूमने गया था। उसके सिर और पेट पर चोट के निशान बने हुए है। परिवार ने हत्या की आशंका जाहिर की है।
टीपीनगर के देवलोक कालोनी निवासी कृष्ण त्यागी के पिता प्रवेश त्यागी नवीन मंडी में समान दिलवाने व बेचने का कार्य करते हैं, कृष्णा पेंट की फैक्ट्री में कार्य करता था। कृष्णा शराब पीने का आदी था। रविवार की शाम को वह अपने दोस्त अंकुर के साथ कहीं बाहर गया था। रात को आकर सो गया था सुबह वह मृत अवस्था में मिला जिसके पेट और सिर में चोट के निशान बने हुए है।
यह भी पढ़ें- सहारनपुर में महिला की हत्या से सनसनी, घर में बेड पर पड़ा मिला शव; जांच में जुटी पुलिस
घर के अंदर मिले शव के बाद परिवार ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पूछताछ के लिए उसके साथी को हिरासत में लिया गया है।